बिलासपुर: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मृत्यु

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 08:03 PM
बिलासपुर: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मृत्यु
ऑडियो सुनें

बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में सकरी थाना क्षेत्र के गिरधौना गांव में तालाब में डूबने से चांदनी जायसवाल (13) और पार्वती जायसवाल (11) की मौत हो गई.

सकरी थाने के प्रभारी रवींद्र अनंत ने बताया कि गिरधौना गांव में ओमप्रकाश जायसवाल की दो पुत्रियां– चांदनी और पार्वती जायसवाल सुबह लगभग आठ बजे अपनी दादी के साथ तालाब में नहाने गई थीं. अनंत के अनुसार बालिकाओं की दादी, तालाब किनारे कपड़े धोने के बाद घर लौट गईं, जबकि दोनों बहनें तालाब में नहाती रहीं. जब देर तक बच्चियां घर नहीं लौटीं तब दादी उनकी खोज में तालाब पहुंचीं. वहां उन्होंने देखा कि दोनों बच्चियों के कपड़े तालाब किनारे रखे हैं, लेकिन बच्चियां वहां नहीं हैं.

थाना प्रभारी का कहना है कि किसी अनहोनी की आशंका में जब दादी ने परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों को सूचना दी तब बालिकाओं की खोज शुरू की गई. बाद में ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों के शव तालाब से निकाले. अनंत के मुताबिक जब इस घटना की जानकारी मिली तब घटनास्थल के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया. पुलिस दल ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. थाना प्रभारी ने बताया,”पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों की मृत्यु पानी में डूबने से हुई है.” उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu