पहलगाम आतंकी हमले पर बिलावल ने भारत के खिलाफ उगला जहर…

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 04 Jun 2025 12:35 PM
पहलगाम आतंकी हमले पर बिलावल ने भारत के खिलाफ उगला जहर…
ऑडियो सुनें

वॉशिंगटन: पाकिस्तान के नेता अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। अमेरिका में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो ने एक बार फिर भारत के खिलाफ जहर उगला तो मुस्लिम पत्रकार ने उनकी बोलती बंद कर दी। बिलावल भुट्टो की किरकरी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

हुआ यूं कि न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में प्रेसवार्ता के दौरान बिलावल भुट्टो बोले कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत में मुस्लिमों को आतंकी माना जा रहा है। उनको अलग नजर से देखा जा रहा है। भुट्टो के इस झूठ को एक विदेशी मुस्लिम पत्रकार ने बेनकाब कर दिया। पत्रकार ने कह दिया कि आप जो कह रहे हैं उसके विपरीत देखा जाए तो भारत के ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग का नेतृत्व एक महिला मुस्लिम अधिकारी ने किया था। इस पर बिलावल भुट्टो चुप होकर सिर हिलाते नजर आए।

भारत के खिलाफ क्या-क्या बोले भुट्टो

बिलावल भुट्टो ने यूएन में प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि ‘पहलगाम हमले के बाद भारत में मुसलमानों को आतंकियों की तरह से पेश किया जा रहा है। भारत इस्राइल की राह पर चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस्राइल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की कॉपी बनने की कोशिश कर रहे हैं। उनको शांति पसंद नहीं है। वे अशांति बढ़ा रहे हैं।’

हालांकि सुलह समझौते की मांग करते हुए भुट्टो बोले कि आतंकवाद से निपटने के लिए पाकिस्तान अब भी भारत के साथ सहयोग करना चाहता है। हम 1.5 अरब लोगों की किस्मत आतंकियों और गैर सरकारी तत्वों के हाथों में नहीं छोड़ सकते। उन्हें अपनी मर्जी से तय करना है कि दो परमाणु शक्तियां युद्ध में कब उतरेंगीं। उन्होंने कहा कि अगर आईएसआई और रॉ मिलकर आतंकियों से लड़ने के लिए तैयार होते हैं तो हम दोनों देशों में आतंकवाद में कमी देखेंगे।

क्या है ऑपरेशन सिंदूर?

भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हमले किए। यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पाहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में की गई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने 8, 9 और 10 मई को भारतीय सैन्य ठिकानों पर हमले की कोशिश की, जिनका भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचा, जिनमें एयर बेस, रडार साइट्स, और कमांड सेंटर शामिल हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital