नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के परिवार द्वारा संचालित एक ट्रस्ट को भूखंड के आवंटन में ”घोटाले” का आरोप लगाया और मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराए जाने की मांग की. भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मल्लिकार्जुन खरगे से कांग्रेस अध्यक्ष पद से तथा उनके बेटे प्रियंक खरगे से इस्तीफा देने की मांग की, जो कर्नाटक सरकार में मंत्री हैं. उन्होंने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के इस्तीफे की भी मांग की.
भाटिया ने कहा, ”कांग्रेस के भ्रष्टाचार में निरंतरता है. हम जहां भी जाएंगे, भ्रष्टाचार करेंगे, यह कांग्रेस का नया नारा है. यह कहना गलत नहीं होगा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार का पर्याय बन गई है.” उन्होंने कहा, ”हमने कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की नाक के नीचे एमयूडीएस (मैसुरु शहरी विकास प्राधिकरण) घोटाला और वाल्मीकि विकास निगम घोटाला होते देखा है. अब कर्नाटक में मल्लिकार्जुन खरगे और उनके परिवार द्वारा संचालित एक ट्रस्ट को पांच एकड़ जमीन आवंटित करने का मामला सामने आया है.” भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि नियमों की अवहेलना करके खरगे परिवार द्वारा संचालित ट्रस्ट को भूखंड आवंटित किया गया. उन्होंने दावा किया कि मल्लिकार्जुन खरगे, उनकी पत्नी, उनके दामाद राधाकृष्ण और बेटे प्रियंक खरगे और राहुल खरगे इस ट्रस्ट में शामिल हैं.
भाटिया ने दावा किया, ”हमारे पास उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कई कंपनियों और संगठनों ने भूखंड के लिए आवेदन दिया था, लेकिन नियमों की अनदेखी करके इसे खरगे परिवार द्वारा संचालित ट्रस्ट को आवंटित कर दिया गया.” भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि मल्लिकार्जुन खरगे को तुरंत कांग्रेस अध्यक्ष पद से और उनके बेटे प्रियंक खरगे को राज्य के मंत्री पद से इस्तीफा देना चाहिए. उन्होंने कहा, ”सच्चाई का पता लगाने के लिए सीबीआई द्वारा इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.” भाजपा नेता और राज्यसभा सदस्य लहर सिंह सिरोया ने रविवार को कर्नाटक औद्योगिक क्षेत्र विकास बोर्ड (केआईएडीबी) की जमीन खरगे के परिवार द्वारा संचालित एक ट्रस्ट को कथित तौर पर आवंटित किए जाने पर सवाल उठाया था और पूछा था कि वे जमीन के पात्र होने के लिए एयरोस्पेस उद्यमी कब बन गए.
उन्होंने यह भी सवाल किया कि क्या मामला सत्ता के दुरुपयोग, भाई-भतीजावाद और हितों के टकराव से जुड़ा है. कर्नाटक के मंत्री एम बी पाटिल ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे राहुल खरगे द्वारा संचालित शैक्षणिक ट्रस्ट को मानदंडों के अनुसार निर्धारित मूल्य पर एयरोस्पेस पार्क में सिविक एमेनिटी (सीए) भूखंड आवंटित किया गया था. एक बयान में पाटिल ने सिरोया द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी नियम का उल्लंघन नहीं किया गया.