प्रदेश के सबसे बड़े स्टील प्लांट भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-6 के यांत्रिकी विभाग में आज फिर एक हादसा हो गया, जहां पुशर कार की चपेट में आकर ठेका कर्मी की मौत हो गई।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आज मंगलवार सुबह साढ़े 8 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में कुछ खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी द्वारा मेकेनिकल पाली प्रभारी को दी गई। इसके बाद मेकेनिकल पाली प्रभारी ने विनोद कुमार को पुशर कार-2 की खराबी देखने के लिए भेजा। दुर्भाग्यवश खराबी की जांच के दौरान पुशर कार अचानक चल पड़ी, जिससे विनोद कुमार 47 को गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से एमएमपी-1 ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने लगभग सुबह 9 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक विनोद कुमार (47) मेसर्स सहिकॉन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग के एसएसडब्ल्यू के रूप में ‘ए’ शिफ्ट में कार्यरत था।
जानते चलें कि चंद रोज पहले ही भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) स्क्रैप चोरी मामला आया था जिसमें रायपुर पावर एंड स्टील लिमिटेड के 2 डायरेक्टर गिरफ्तार किए गए थे।