दुनिया के 80 फीसदी गैंडे असम में पाए जाते हैं: हिमंत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 22 Sep 2026 03:16 PM
दुनिया के 80 फीसदी गैंडे असम में पाए जाते हैं: हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने मंगलवार को विश्व गैंडा दिवस के मौके पर इस बात को रेखांकित किया कि दुनिया के 80 फीसदी गैंडे उनके राज्य में पाए जाते हैं और वहां पिछले साल अवैध शिकार का एक भी मामला सामने नहीं आया। असम के पर्यावरण एवं वन मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा कि सरकार राज्य की प्राकृतिक विरासत के सबसे प्रिय प्रतीकों में से एक गैंडे के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।
हिमंत ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “विश्व गैंडा दिवस पर आंकड़े खुद अपनी कहानी बयां करते हैं।” बरुआ ने पोस्ट किया, “एक सींग वाला गैंडा हमारा गौरव और असम की समृद्ध जैव विविधता का अनमोल हिस्सा है।

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार ने गैंडों की सुरक्षा, उनके प्राकृतिक आवास के संरक्षण और अवैध शिकार रोकने के प्रयासों को लगातार मजबूत किया है।” उन्होंने कहा, “इस साल की थीम ‘कीप द फाइव अलाइव’ हमें सभी पांच नस्लों-सफेद, काले, एक सींग वाले, जावन और सुमात्राई गैंडों-के संरक्षण की साझा जिम्मेदारी की याद दिलाती है।” बरुआ ने कहा, “आइए गैंडों और उनके प्राकृतिक आवासों की रक्षा करने तथा यह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराएं कि ये शानदार नस्लें आने वाली पीढि़यों तक फलती-फूलती रहें।” मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि विश्व गैंडा दिवस पर असम अपनी “अविश्वसनीय गैंडा संरक्षण यात्रा” का जश्न मना रहा है।

उसने कहा, “मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में राज्य ने गैंडों की सुरक्षा के लिए कई शानदार कदम उठाए हैं, जिनमें अवैध शिकार रोधी उपायों को मजबूत करने से लेकर प्राकृतिक आवास की बहाली और संरक्षण तक शामिल है।” आंकड़ों के अनुसार, असम में फिलहाल 3,260 गैंडे हैं और सरकार ने अब तक शिकारियों से जब्त किए गए गैंडों के 2,479 सींग नष्ट किए हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav