छत्तीसगढ़ के 40 मजदूर छुड़ाए गए, महाराष्ट्र में बनाए गए थे बंधक, 9 बच्चे भी शामिल, शिकायत पर कलेक्टर ने गंभीरता से लिया एक्शन

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Fri, 20 Nov 2026 06:20 PM
छत्तीसगढ़ के 40 मजदूर छुड़ाए गए, महाराष्ट्र में बनाए गए थे बंधक, 9 बच्चे भी शामिल, शिकायत पर कलेक्टर ने गंभीरता से लिया एक्शन
ऑडियो सुनें

रोजगार और बेहतर आजीविका की उम्मीद लेकर महाराष्ट्र पहुंचे छत्तीसगढ़ के 40 श्रमिकों के लिए जिला प्रशासन का त्वरित हस्तक्षेप बड़ी राहत लेकर आया। महाराष्ट्र के सोलापुर में बंधक जैसी परिस्थितियों में काम करने को मजबूर इन श्रमिकों को प्रशासन की संयुक्त टीम ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मुक्त कराकर सुरक्षित छत्तीसगढ़ वापस पहुंचाया है। इनमें 18 पुरुष, 13 महिलाएं और 9 बच्चे शामिल हैं।

बचाव अभियान के तहत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के 35, जांजगीर-चांपा के 3 और सक्ती जिले के 2 श्रमिकों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित की गई है।रोजगार का भरोसा देकर ले गए महाराष्ट्र, मजदूरी के बदले मिला शोषण मामला सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम पंचायत उलखर से जुड़ा है। यहां के एक श्रमिक ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर महाराष्ट्र के सोलापुर में अपने परिवार और गांव के अन्य लोगों के साथ हो रहे शोषण की जानकारी दी थी।

शिकायत के अनुसार, एक व्यक्ति रोजगार, नियमित मजदूरी, भोजन, आवास और बीमारी की स्थिति में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर श्रमिकों को गन्ना कटाई एवं ट्रक लोडिंग के कार्य के लिए महाराष्ट्र ले गया था। श्रमिकों को उम्मीद थी कि मेहनत से अर्जित मजदूरी उनके परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर बनाएगी, लेकिन वहां पहुंचने के बाद परिस्थितियां विपरीत हो गईं।

शिकायत में बताया गया कि श्रमिकों से सुबह से रात 9 बजे तक काम कराया जाता था, जबकि वादे के अनुरूप साप्ताहिक मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा था। पर्याप्त राशन उपलब्ध नहीं कराने, बीमार होने पर भी काम कराने तथा मारपीट एवं दुर्व्यवहार जैसी गंभीर शिकायतें भी सामने आईं। परेशान श्रमिक ने अपने परिवार के 16 सदस्यों को बकाया मजदूरी सहित सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई थी। कलेक्टर ने श्रमिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए 14 नवंबर 2026 को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर श्रम, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम में श्रम निरीक्षक,राजस्व निरीक्षक, सहायक उपनिरीक्षक और आरक्षक को शामिल किया गया था। संयुक्त टीम ने महाराष्ट्र के सोलापुर पहुंचकर श्रमिकों की स्थिति की जांच की। जांच के दौरान श्रमिकों से बंधक जैसी परिस्थितियों में गन्ना कटाई का कार्य कराए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद सोलापुर जिला प्रशासन के समन्वय एवं सहयोग से सभी 40 श्रमिकों को मुक्त कराया गया। प्रशासन ने उनकी सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group