वन विभाग के ‘साहब’ की बेटी की शादी, पूरा वन महकमा वर्दी में तैनात, एसडीओ स्तर अधिकारी नोडल अधिकारी, कर्मचारियों की डयूटी का लिखित आदेश जारी

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Fri, 20 Nov 2026 03:40 PM
वन विभाग के ‘साहब’ की बेटी की शादी, पूरा वन महकमा वर्दी में तैनात, एसडीओ स्तर अधिकारी नोडल अधिकारी, कर्मचारियों की डयूटी का लिखित आदेश जारी
ऑडियो सुनें

नवभारत ब्यूरो

बेटी की शादी है, तो पूरा महकमा वर्दी में हाजिर रहे! छत्तीसगढ़ के वन विभाग में वन बल के एक शीर्ष अफसर की तरफ से यह फरमान इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। राजधानी में 21 नवंबर को होने वाले उनकी बेटी के विवाह समारोह के लिए विभाग के आला अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक की ड्यूटी लगा दी गई है।

एसडीओ स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग व्यवस्थाओं का नोडल अधिकारी बनाया गया है। मेहमानों की अगवानी के लिए एयरपोर्ट से लेकर होटलों तक विभागीय अमला तैनात किया गया है। इतना ही नहीं, विभाग के अफसरों ने वन विभाग की फोर्स को वॉट्सऐप पर बाकायदा संदेश जारी कर सभी को शाम 4.30 बजे वर्दी में विवाहस्थल पहुंचने के निर्देश हैं। एक अधिकारी के निजी पारिवारिक आयोजन के लिए पूरे सरकारी महकमे को इस तरह ड्यूटी पर लगाने को लेकर विभाग में सवाल उठ रहे हैं। दरअसल, वन बल के एक शीर्ष अफसर की सुपुत्री का वैवाहिक कार्यक्रम 21 नवंबर को राजधानी के वीआईपी रोड स्थित ओमाया गार्डन में होना है। इसकी तैयारियों में पूरा वन महकमा कई दिनों से जुटा हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, साहब ने राजधानी और वन मंडलों के अधिकारी-कर्मचारियों को विवाह समारोह की अलग-अलग व्यवस्थाओं में लगा दिया है। इसके लिए एसडीओ स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है। विवाह समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर साहब के निदेशों के बाद निचले स्तर के अधिकारियों ने वॉट्सऐप के जरिए संदेश प्रसारित करना शुरू कर दिया। 18 नवंबर को भेजे गए एक संदेश में विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को शाम 4.30 बजे ओमाया गार्डन पहुंचने के निर्देश दिए गए। इसमें स्पष्ट कहा गया कि सभी की उपस्थिति वर्दी में अनिवार्य है। इस संदेश के नीचे बाकायदा आरओ-रायपुर का उल्लेख भी किया गया है।

एयरपोर्ट से होटलों तक विभागीय अमले की ड्यूटी

सूत्रों का दावा है कि विवाह समारोह की व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती की गई है। इनमें एयरपोर्ट से लेकर मेहमानों के ठहरने के लिए निर्धारित होटलों तक की जिम्मेदारियां शामिल हैं। निर्देश दिए गए हैं कि ‘साहब’ के मेहमानों की खातिरदारी में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। विवाह स्थल पर भी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी वर्दी में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेते नजर आ रहे हैं। इस पूरे आयोजन में विभागीय अमले की तैनाती और वर्दी में उपस्थिति के निदेर्शों को लेकर वन महकमे में चर्चा है।

वन विभाग के कर्मचारियों की सूची

वसीम खान BFO

दीपक वर्मा cfo

विमल किशोर BFO

Manhare BFO

यशवंत ठाकुर BFO

महेन्द्र बघेल CFO

अशोक कौशिक CFO

टीकम यादव CFO

रोहिन सेंटियागो BFO

राजू माथुर cfo

इंदरचंद धनकर CFO

( आदेशानुसार आप सभी आज 4.30 बजे VIP road में स्थित omaya garden में पहुंच जाए वर्दी के साथ) 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group