ओडिशा में छेड़छाड़: बाइक सवार कपल को घेरकर पीटा, युवती से बदसलूकी; दो हिरासत में

ओडिशा के ढेंकनाल जिले में कपिलाश से लौट रहे एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। पुलिस के अनुसार, दोनों दो मोटरसाइकिलों से आए चार लोगों के समूह का हिस्सा थे। लौटते समय स्थानीय युवक से विवाद के बाद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनका पीछा किया और उन्हें रोक लिया।

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 22 Sep 2026 05:52 PM
ओडिशा में छेड़छाड़: बाइक सवार कपल को घेरकर पीटा, युवती से बदसलूकी; दो हिरासत में

ऑडियो सुनें

ढेंकनाल: बिहार के जमुई में एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ मारपीट और बदसलूकी की घटना के बाद ऐसा ही मामला अब ओडिशा में भी सामने आया है। ओडिशा के ढेंकनाल जिले में एक युवक और युवती के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। घटना कपिलाश की ओर जाने वाली सड़क पर हुई बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

 

बताया जा रहा है कि युवक और युवती मोटरसाइकिल से कपिलाश गए थे। लौटते समय उन्हें कुछ लोगों के एक समूह ने रोक लिया। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई लोग दोनों को घेरते दिखाई दे रहे हैं।
वायरल वीडियो में कपल से बदसलूकी करते दिखे लोग
वीडियो में एक युवक के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। वहीं, कुछ लोग युवती के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं। युवती आसपास मौजूद लोगों से बार-बार दोनों को छोड़ देने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है। इसके बावजूद मारपीट और बदसलूकी जारी रहने का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ढेंकनाल के पुलिस अधीक्षक अभिनव सोनकर ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “हमने दो लोगों को हिरासत में लिया है। हम अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रहे हैं।”

पुलिस घटना का सही समय भी पता कर रही है। पुलिस के अनुसार, कपल समेत कटक जिले के चार लोग दो मोटरसाइकिलों से इस स्थान पर आए थे।

मामले को लेकर क्या बोली ओडिशा पुलिस?
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, वापस लौटते समय समूह के किसी व्यक्ति का स्थानीय युवक से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद स्थानीय युवक ने कथित तौर पर अपने परिवार के कई लोगों को बुलाया। इसके बाद उन्होंने कपल का पीछा किया और उनके साथ मारपीट की।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने जिन दो लोगों को हिरासत में लिया है, वे एक ही परिवार के हैं। अधिकारी ने कहा, “हम उस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं, जिसके कारण यह विवाद हुआ।” पुलिस के मुताबिक, कपल ने हमलावरों से उन्हें छोड़ने की अपील की थी। इसके बावजूद समूह ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट और बदसलूकी की। भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया।

किन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा?
कपल ने जीरो एफआईआर दर्ज कराई थी। इसे अब गोंडिया थाने भेज दिया गया है, जहां भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में महिला से छेड़छाड़, महिला के खिलाफ आपराधिक बल के इस्तेमाल और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।
By Nandkishoryadav