अपनी ही पुत्री का कथित दुष्कर्म करवाने वाली भाजपा नेता गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 05 Jun 2025 09:28 PM
अपनी ही पुत्री का कथित दुष्कर्म करवाने वाली भाजपा नेता गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

हरिद्वार. उत्तराखंड के हरिद्वार में सामने आयी एक चौंकाने वाली घटना में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की एक महिला नेता को अपनी ही नाबालिग बेटी का कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. यह मामला सामने आने के बाद भाजपा ने महिला नेता को पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि 13 वर्षीय लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म करने वाले महिला नेता के पुरुष मित्र सुमित पटवाल तथा उसके दोस्त शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने यहां बताया कि अपनी बेटी के साथ कथित तौर पर कई बार यह घिनौना कृत्य करवाने वाली महिला नेता को उसके पति द्वारा दर्ज कराई गयी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए यहां शिव मूर्ति के पास स्थित एक होटल से उसके पुरूष मित्र सुमित पटवाल के साथ बुधवार को गिरफ्तार कर लिया गया .

उन्होंने बताया कि पटवाल का दोस्त शुभम फरार चल रहा था जिसे विभिन्न सुरागों की मदद से बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में शाहपुर से गिरफ्तार किया गया. एसएसपी ने बताया कि रानीपुर क्षेत्र की फ्रेंडस कॉलोनी में रहने वाली पीड़िता के पिता ने रानीपुर कोतवाली में दर्ज तहरीर में बताया कि करीब साल भर से उनकी पत्नी उनसे अलग रह रही हैं जबकि उनकी 13 वर्षीय बेटी उनके साथ रहती है.

शिकायत के अनुसार पुलिस ने बताया कि कुछ दिनों से उन्होंने जब अपने बेटी को गुमसुम देखा तो उससे कारण पूछा. पता चला कि इस साल जनवरी में जब उसकी मां उसे घुमाने के लिए अपने पुरूष मित्र पटवाल तथा उसके दोस्त शुभम के साथ भेल स्टेडियम की तरफ लेकर गयी थी तब उसकी पत्नी की सहमति से उन लोगों ने शराब पीकर डरा धमकाकर उससे कथित दुष्कर्म किया .

तहरीर के अनुसार, उसके बाद उसकी मां ने आगरा, वृंदावन व हरिद्वार स्थित होटल में भी पीड़िता का कथित सामूहिक दुष्कर्म करवाया और धमकी दी कि यह बात किसी को बताने पर उसे तथा उसके पिता को जान से मार दिया जाएगा. पीड़िता ने यह भी बताया कि उसकी मां ने उसे भी जबरन शराब पिलाई थी .

तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(2), 351(3), 3(5) तथा पोक्सो अधिनियम के तहत 3(क)/4(2), 5(‘)/6, 16/17 में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की. महिला नेता अगस्त 2024 तक हरिद्वार में भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष थी जिस पर महिला सशक्तिकरण तथा नारी उत्थान का दायित्व था.

इस बीच, महिला नेता को पार्टी ने निष्कासित कर दिया है. हरिद्वार भाजपा के जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा द्वारा इस संबंध में जारी एक आदेश में कहा गया है कि उक्त नेता को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया गया है. उधर,कांग्रेस की उत्तराखंड इकाई ने कहा कि इस प्रकरण से भाजपा का ‘चाल,चरित्र और चेहरा’ उजागर होने के साथ ही उसके ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ के नारे की भी पोल खुल गयी है.

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून में कहा कि यह राज्य के इतिहास में अब तक का यौन उत्पीड़न का सबसे शर्मनाक मामला है जहां हरिद्वार भाजपा महिला मोर्चे की पूर्व पदाधिकारी ने सबसे घृणित अपराध अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ करवाया.

धस्माना ने कहा, ”इस प्रकरण से भाजपा के चाल, चरित्र और चेहरा तथा उसके सबसे लोकप्रिय नारे ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ की सारी पोल खुल गई है.” कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि इसमें संलिप्त महिला नेता की पहुंच भाजपा के राज्य स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के नेताओं से है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार भाजपा नेता के किन-किन नेताओं के साथ किस तरह के संबंध रहे हैं, इसकी भी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu