भाजपा सांसदों ने राष्ट्रपति के विरूद्ध अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर किया प्रदर्शन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 28 Jul 2022 02:02 PM
भाजपा सांसदों ने राष्ट्रपति के विरूद्ध अधीर रंजन की टिप्पणी को लेकर किया प्रदर्शन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महिला सांसदों ने लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को ‘‘राष्ट्रपत्नी’’ कहकर संबोधित किए जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। संसद भवन के द्वार संख्या एक के बाहर हाथों में तख्तियां लिए भाजपा की महिला सांसदों ने प्रदर्शन किया। इनमें केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे भी शामिल थीं। प्रदर्शन कर रही महिला सांसदों ने कांग्रेस से माफी की मांग की।

लोकसभा में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने चौधरी पर आरोप लगाया कि उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपत्नी संबोधित कर उनका अपमान किया है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करके चौधरी ने पूरे आदिवासी समुदाय, महिलाओं और गरीबों का अपमान किया है।

राज्यसभा में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कांग्रेस पर हमला किया और अधीर की टिप्पणी के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से माफी की मांग की। उन्होंने कांग्रेस नेता की टिप्पणी को ‘‘सेक्सिस्ट’’ (लैंगिक भेदभाव) बताया और कांग्रेस से इसके लिए देश व राष्ट्रपति से माफी मांगने की मांग की।

राज्यसभा में शून्काल के दौरान विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच सीतारमण ने कहा कि ऐसा नहीं है कि यह शब्द गलती से कांग्रेस नेता के मुंह से निकल गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता ने जानबूझकर ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के लिए ऐसी टिप्पणी राष्ट्रपति के साथ ही महिलाओं का भी अपमान है।

उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति को राष्ट्रपत्नी कहना ‘सेक्सिस्ट’ टिप्पणी है।’’ सीतारमण ने कहा कि सभी को पता है कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को राष्ट्रपति कहकर संबोधित किया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए मैं समझती ही कि उनके मुंह से गलती से यह शब्द नहीं निकला है। यह जानबूझकर किया गया अपमान है।

वह आदिवासी पृष्ठभूमि से आती हैं। देश के एक पिछड़े इलाके से ताल्लुक रखती हैं। विधायक, और मंत्री के रूप में उन्होंने सफलतापूर्वक काम किया है ओर वह एक बहुत ही अच्छी राज्यपाल भी रही हैं। अब राष्ट्रपति के रूप में उनके चयन पर पूरा देश जश्न मना रहा है। ऐसे समय में लोकसभा में कांग्रेस के नेता ने उन्हें राष्ट्रपति कहकर देश की राष्ट्रपति का अपमान किया है। यह अस्वीकार्य है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी खुद एक महिला हैं और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav