भाजपा ने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, मैथिली ठाकुर अलीनगर से लड़ेंगी चुनाव

पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपने 12 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी, जिसके साथ ही पार्टी ने अब तक कुल 83 प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं. भाजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक के तौर पर 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है. पार्टी ने लोकगायिका मैथिली ठाकुर को दरभंगा जिला के अलीनगर से विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है.

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा अनुमोदित सूची में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है, वहीं कुछ मौजूदा विधायकों को भी दोबारा टिकट दिया गया है. सूची में दरभंगा ग्रामीण, सुरसंड, हिलसा, उजियारपुर समेत कई महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्रों से उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं. भाजपा ने मंगलवार को अपनी पहली सूची में 71 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे. पार्टी इस बार गठबंधन के तहत 101 सीटों पर चुनाव लड़ रही है.

पार्टी नेताओं ने बताया कि दूसरी सूची में सामाजिक, क्षेत्रीय और युवाओं के प्रतिनिधित्व का संतुलन रखा गया है ताकि पर राज्य में राजग का जनाधार मजबूत किया जा सके. लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने भी बुधवार को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 14 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की.

चिराग पासवान की पार्टी की सूची के अनुसार, पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदगंज सीट से राजू तिवारी, सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर से संजय कुमार सिंह और सिवान की दरौली (अनु.जाति) सीट से विष्णु देव परमार को उम्मीदवार बनाया गया है. इसके अलावा, सारण जिले की गरखा (अनु.जाति) सीट से सीमा मृणाल, बेगूसराय की साहेबपुर कमाल सीट से सुरेंद्र कुमार, बखरी (अनु.जाति) से संजय कुमार, खगड़िया की परबतता सीट से बाबूलाल साह, भागलपुर की नाथनगर सीट से मिथुन कुमार और पटना जिले की पालीगंज सीट से सुनील कुमार चुनावी मैदान में होंगे.

लोजपा (रामविलास) ने बक्सर की ब्रह्मपुर सीट से हुलास पांडे, रोहतास की डेहरी सीट से राजीव रंजन सिंह, कटिहार की बलरामपुर सीट से संगीता देवी, जहानाबाद की मखदुमपुर सीट से रानी कुमारी तथा औरंगाबाद की ओबरा सीट से प्रकाश चन्द्र को उम्मीदवार घोषित किया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button