मोदी के तेजस में उड़ान भरने की आलोचना के लिए भाजपा ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Nov 2023 07:31 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तेजस लड़ाकू विमान में यात्रा को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करने के लिए विपक्षी दलों पर सोमवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि वे न केवल उनसे नफरत करते हैं, बल्कि देश का कल्याण भी नहीं चाहते हैं.

जैतून के हरे रंग का लड़ाकू पायलट जी-सूट पहने मोदी ने शनिवार को स्वदेश निर्मित हल्के लड़ाकू विमान तेजस में उड़ान भरी जिसके बाद उन्होंने कहा कि इस अनुभव ने देश की स्वदेशी क्षमताओं में उनका विश्वास बढ़ाया है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री द्वारा तेजस विमान से उड़ान भरने के बाद उन पर परोक्ष रूप से कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘चुनावी तस्वीरें खिंचवाने के उस्ताद’ को इस हल्के लड़ाकू विमान के लिए पहले की सरकारों के दौरान किए गए प्रयासों को भी स्वीकार करना चाहिए था.

तेजस से मोदी की उड़ान पर प्रतिक्रिया देते हुए तृणमूल कांग्रेस के सांसद शांतनु सेन ने कथित तौर पर कहा कि उन्हें डर है कि ‘कुछ ही समय में यह विशेष विमान दुर्घटनाग्रस्त हो जाएगा’. विपक्षी दलों पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, ”यह दिखाता है कि उनके मन में सिर्फ प्रधानमंत्री के लिए ही नहीं बल्कि भारत के कल्याण के प्रति भी नफरत है.” उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री तेजस में उड़ान भर रहे हैं जो एक स्वदेशी उत्पाद है और देश के गौरव का प्रतीक है.

उन्होंने आरोप लगाया, ”वे दिन गए जब हमारे सशस्त्र बल बुलेटप्रूफ जैकेट की मांग कर रहे थे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी और तत्कालीन कांग्रेस सरकार अपने लिए वीवीआईपी हेलीकॉप्टर खरीदने में व्यस्त थी और जवानों की कभी परवाह नहीं की.” भाटिया ने कहा कि दुनिया आज भारत की ताकत को पहचानती है.

उन्होंने कहा, ”और मैं कहना चाहूंगा कि हमारे प्रधानमंत्री, जिनके पास 140 करोड़ भारतीयों का आशीर्वाद है, उन्हें कांग्रेस के कुछ पिट्ठू, तृणमूल कांग्रेस के पिट्ठू या विपक्षी दलों की चिंता करने की जरूरत नहीं है जो देश के प्रधानमंत्री के बारे में इस तरह के गैर जिम्मेदाराना बयान देते हैं.” भाटिया ने विपक्षी दलों की आलोचना करते हुए उन पर हर समय नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री के लिए उनके मन में जो नफरत का ‘जहर’ है, वह अंतत: उन्हें राजनीति में उनके अंत की ओर ले जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu