दीपिका, रूतुजा, नवनीत की हैट्रिक से भारत ने इंडोनेशिया को 17 . 1 से हराया

काकामिगाहारा: ड्रैग फ्लिकर दीपिका, फॉरवर्ड रूतुजा पिसाल और नवनीत कौर की हैट्रिक के दम पर भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया को 17 . 1 से हराकर एशियाई खेलों के पूल बी में सोमवार को लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

दीपिका ने आठवें, 28वें और 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागे। इससे पहले उजबेकिस्तान के खिलाफ 19 . 0 से मिली जीत में दीपिका ने आठ गोल दागे थे। रूतुजा ने 15वें, 20वें और 38वें मिनट में गोल किये । नवनीत ने 35वें, 56वें और 57वें मिनट में गोल दागे।

सुनेलिटा टोप्पो (11वां, 30वां) , लालरेम्सियामी (12वां और 16वां) और साक्षी राणा ( 25वां और 57वां ) ने दो दो गोल किये जबकि कप्तान सलीमा टेटे (35वां) और इशिका चौधरी (36वां ) ने एक एक गोल किया। इंडोनेशिया के लिये एकमात्र गोल इनेस आदितिया ने 32वें मिनट में दागा। भारत का सामना अब बुधवार को थाईलैंड से होगा।

उजबेकिस्तान को रविवार को 19 . 0 से हराने के बाद भारत ने ठोस शुरूआत की। भारत को चौथे ही मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक मिला लेकिन नवनीत के प्रयास को इंडोनेशियाई गोलकीपर ने रोक दिया। दीपिका ने आठवें मिनट में भारत को बढत दिलाई । इसके तीन मिनट बाद नेहा के पास पर सुनेलिटा ने गोल दागा। दो मिनट बाद पेनल्टी कॉर्नर पर दीपिका की फ्लिक इंडोनेशियाई गोलकीपर ने बचा ली जिसके बाद रिबाउंड पर लालरेम्सियामी ने गोल किया।

रूतुजा ने साक्षी राणा का प्रयास बचा लिये जाने के बाद डिफ्लैक्शन पर गोल दागा। एक मिनट बाद लालरेम्सियामी ने और फिर रूतुजा ने गोल किये ।साक्षी ने 27वें मिनट में दीपिका के पेनल्टी कॉर्नर गोल के बाद रिबाउंड पर गोल किया । सुनेलिटा ने इसके बाद पेनल्टी कॉर्नर पर नवनीत की हिट पर गेंद गोल के भीतर डाली। दो मिनट बाद इंडोनेशिया के लिये इनेस ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला। भारतीय कप्तान सलीमा ने इसके तीन मिनट बाद गोल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने इंडोनेशिया के अनुभवहीन डिफेंस का पूरा फायदा उठाते हुए लगातार गोलों का सिलसिला जारी रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button