बीड. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) प्रमुख शरद पवार ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह एक ओर स्थिर सरकार देने की बात करती है, लेकिन राज्यों में विधिवत निर्वाचित सरकारों को गिरा देती है.
पवार ने महाराष्ट्र के बीड कस्बे में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा, “आप स्थिर सरकार देने की बात करते हैं लेकिन राज्यों में विधिवत निर्वाचित सरकारों को गिरा देते हैं.”
पवार ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस के नक्शेकदम पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेंन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में ”पुन: वापस आने की” बात की. उन्होंने कहा, ”फडणवीस मुख्यमंत्री के रूप में नहीं लौटे, बल्कि एक निचले पद पर वापस आए. कोई सोच सकता है कि वह (मोदी) किस पद पर लौटेंगे.”