भाजपा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि GST सुधारों का लाभ आम लोगों तक पहुंचे: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Sep 2025 07:36 PM
भाजपा कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि GST सुधारों का लाभ आम लोगों तक पहुंचे: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भाजपा-राजग सरकारों ने देश में “सुशासन का एक नया मॉडल” स्थापित किया है और पार्टी कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करें कि जीएसटी सुधारों का लाभ आम लोगों तक पहुंचे. मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद कहा कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए सरकार में है और इसके कार्यालय इसी भावना को जीवित रखे हुए हैं.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”भाजपा-राजग सरकारों ने देश में सुशासन का एक नया मॉडल स्थापित किया है. हम ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र के साथ आगे बढ. रहे हैं. हमने देश और लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी, भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का विश्वास दिलाने के लिए देश को घोटालों से मुक्त किया.” उन्होंने कहा, ”हमारी सरकारों ने आम लोगों की बचत बढ.ाने और उन्हें बेहतर सेवाएं देने पर ध्यान केंद्रित किया.” कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए मोदी ने कहा कि 2014 में जब संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सत्ता में था, तब दो लाख रुपये से ज़्यादा की आय पर कर लगता था.

उन्होंने कहा, ”अब 12 लाख रुपये की आय पर भी कर शून्य है. यही हाल माल एवं सेवा कर (जीएसटी) का था, 2014 से पहले अगर कोई आम परिवार अपनी रोज.मर्रा की ज.रूरतों पर एक साल में एक लाख रुपये खर्च करता था, तो उसे लगभग 25,000 रुपये कर देना पड़ता था.” उन्होंने कहा, ”हमने जीएसटी लागू किया, कीमतें कम हुईं और अब जीएसटी सुधारों के बाद, उसी परिवार को केवल 5,000-6,000 रुपये का कर देना पड़ेगा. वर्ष 2014 की तुलना में 20,000 रुपये की बचत हुई है. अगर हम आयकर और जीएसटी की बचत को जोड़ दें, तो हर साल लोगों की 2.5 लाख करोड़ रुपये की बचत होगी.” उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि लोगों और व्यापारियों के बीच जागरूकता फैलाकर जीएसटी सुधारों का लाभ आम लोगों तक पहुंचे.

राष्ट्रीय राजधानी को ‘मिनी इंडिया’ बताते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं से भारत के विभिन्न हिस्सों में मनाए जाने वाले हर त्योहार को मनाने को कहा. स्वदेशी वस्तुओं को बढ.ावा देने पर जोर देते हुए, मोदी ने कहा कि कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हर दुकान पर ‘गर्व से कहो ये स्वदेशी है’ लिखा एक बोर्ड हो. मोदी ने कहा कि विदेशी उत्पादों पर हमारी निर्भरता जितनी कम होगी, देश के लिए उतना ही बेहतर होगा. मोदी ने कहा कि दिल्ली के साथ भाजपा का रिश्ता भावनाओं और विश्वास पर आधारित है. उन्होंने कहा कि जनसंघ के दिनों से ही पार्टी इस शहर के लिए काम करती रही है.

उन्होंने कहा, ”भारतीय जनता पार्टी अपनी स्थापना के 45 वर्ष पूरे कर चुकी है. अटल जी, आडवाणी जी, नानाजी देशमुख, राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी, मुरली मनोहर जोशी जी… ऐसी अनेक विभूतियों के आशीर्वाद और कड़ी मेहनत से ही यह पार्टी आगे बढ.ी है.” उन्होंने कहा, ”लेकिन जिस बीज से भाजपा आज इतना विशाल वटवृक्ष बनी है, वह अक्टूबर 1951 में बोया गया था. उस समय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के नेतृत्व में जनसंघ की स्थापना हुई थी. और उसी दौर में, दिल्ली जनसंघ को वैद्य गुरुदत्त जी के रूप में अपना पहला अध्यक्ष भी मिला.” मोदी ने कहा, ”यह नए सपनों और नए संकल्पों से भरा क्षण है. मैं दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं.” मोदी ने कहा, ”भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए सरकार में है और इसके कार्यालय इसी भावना को जीवित रखते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu