कोरबा में नहर में वाहन गिरने के बाद लापता हुए पांच लोगों के शव बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 07:42 PM
कोरबा में नहर में वाहन गिरने के बाद लापता हुए पांच लोगों के शव बरामद
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक मालवाहक वाहन के नहर में गिर जाने के बाद लापता सभी पांच लोगों का शव बरामद कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना रविवार दोपहर को उर्गा पुलिस थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर और मड़वारानी गांवों के बीच हुई, जब एक छोटा माल वाहक वाहन में करीब 25 लोग सवार होकर जिले के खरहरी गांव जा रहे थे.

उन्होंने बताया कि ग्रामीण सक्ती जिले के रहने वाले थे और एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन नहर में गिर गया. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में तीन महिलाएं और एक बालिका समेत दो बच्चे लापता हो गए, जबकि अन्य तैरकर सुरक्षित निकलने में सफल रहे.

उन्होंने बताया कि दुर्घटना के बारे में सूचना मिलने के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया. खोजी दल को शुरू में नहर में तेज धाराओं का सामना करना पड़ा. हालांकि, बाद में पानी का प्रवाह ऊपर की ओर से रोक दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान करीब 48 घंटे तक जारी रहा. उन्होंने बताया, “रविवार शाम को एक महिला का शव बरामद किया गया, जबकि सोमवार को तीन और शव निकाले गए. मंगलवार दोपहर को नहर से एक और शव बरामद किया गया.” उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान इतवारी बाई कंवर (60), मनमती कंवर (70), जानबाई कंवर (70), तान्या साहू (सात) और नमन कंवर (दो) के रूप में की गई है.

अधिकारियों ने बताया कि वाहन सक्ती जिले के रेडा ग्राम पंचायत के सरपंच श्रीधर चौहान का है. घटना के बाद वाहन का चालक प्रहलाद दास महंत मौके से फरार हो गया. उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu