अहमदाबाद विमान दुर्घटना से जुड़ी और जानकारी जुटाने के लिए काम कर रही बोइंग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 12 Jun 2025 08:10 PM
अहमदाबाद विमान दुर्घटना से जुड़ी और जानकारी जुटाने के लिए काम कर रही बोइंग
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिकी विमान विनिर्माता कंपनी बोइंग ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे अहमदाबाद में विमान दुर्घटना की प्रारंभिक जानकारी है तथा वह अधिक जानकारी जुटाने के लिए काम कर रही है. इस बीच, कंपनी के शेयरों में बाजार-पूर्व कारोबार में भारी गिरावट आई है.

एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से ब्रिटेन के गैटविक (लंदन) जा रहा था और स्थानीय समय अनुसार दोपहर 1.38 बजे हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ‘787 ड्रीमलाइनर’ बड़े आकार वाला दो इंजन वाला विमान है. एविएशन सेफ्टी नेटवर्क डेटाबेस के अनुसार, यह बोइंग 787 विमान की पहली दुर्घटना है.

बोइंग ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, “हम शुरुआती खबरों से अवगत हैं और अधिक जानकारी इकट्ठा करने के लिए काम कर रहे हैं.” कंपनी ने कहा, “इस समय, यह बहुत, बहुत, बहुत जल्दी है, हम बहुत कुछ नहीं जानते हैं. …लेकिन 787 में बहुत व्यापक उड़ान डेटा निगरानी है. उड़ान डेटा रिकॉर्डर पर पैरामीटर हजारों में हैं – इसलिए एक बार जब हमें वह रिकॉर्डर मिल जाएगा, तो हम बहुत जल्दी जान पाएंगे कि क्या हुआ था.” ‘फ्लाइटराडार24’ वेबसाइट के अनुसार, यह विमान 2009 में पेश किया गया था, तथा दर्जनों एयरलाइंस को 1,000 से अधिक विमान मिल चुके हैं.

यह दुर्घटना प्रमुख विमानन प्रदर्शनी ‘पेरिस एयर शो’ के उद्घाटन से कुछ दिन पहले हुई है, जहां बोइंग और उसकी यूरोपीय प्रतिद्वंद्वी एयरबस अपने विमानों का प्रदर्शन करेंगी और एयरलाइन ग्राहकों से विमानों के ऑर्डर के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी. बोइंग ने बयान में कहा, “हम उड़ान ‘171’ के संबंध में एयर इंडिया के संपर्क में हैं और उन्हें (एयर इंडिया) सहायता देने के लिए तैयार हैं.” विमान में यात्रियों और चालक दल को मिलाकर कुल 242 लोग सवार थे. एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसमें कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.

अहमदाबाद स्थित हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) ने बताया कि बोइंग 787 ड्रीमलाइनर के पायलट ने उड़ान भरने के तुरंत बाद ‘मेडे’ (संकट का संकेत) जारी किया, जो पूर्ण आपातकाल को दर्शाता है. बोइंग ने कहा, “हमारी संवेदनाएं यात्रियों, चालक दल और सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu