बड़ी खबर: ट्रक-पिकअप वाहन की टक्कर में 7 श्रमिकों की मौत, 20 अन्य घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 09 Oct 2026 01:25 PM
बड़ी खबर: ट्रक-पिकअप वाहन की टक्कर में 7 श्रमिकों की मौत, 20 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

गुजरात के कच्छ जिले में शुक्रवार तड़के एक ट्रक की पिकअप ट्रक से भिड़ंत में सात श्रमिकों की मौत हो गई और 20 से अधिक अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा तड़के तीन बजे से चार बजे के बीच खावड़ा के पास रिन्यूएबल एनर्जी पार्क के भीतर हुआ।

खावड़ा थाने के उप-निरीक्षक एम. बी. चावड़ा ने कहा, ”विपरीत दिशाओं से आ रहे एक ट्रक और बोलेरो कैंपर (पिकअप ट्रक) की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।” अधिकारी ने बताया कि हादसे के सभी पीड़ित पिकअप ट्रक में सवार थे।

उन्होंने कहा, ”क्षतिग्रस्त बोलेरो कैंपर में सात श्रमिक फंस गए थे। क्रेन की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। हालांकि, सभी सात श्रमिकों की मौत हो गई। 20 से अधिक घायल श्रमिकों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया।” उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पुलिस इस विशाल स्वच्छ ऊर्जा संयंत्र में हुए हादसे के लिए संभावित लापरवाही के पहलू की भी जांच कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav