मिस वर्ल्ड प्रतिभागियों के पैर धोने में मदद करती महिलाओं के वीडियो पर BRS, BJP ने जताई आपत्ति

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 10:13 PM
मिस वर्ल्ड प्रतिभागियों के पैर धोने में मदद करती महिलाओं के वीडियो पर BRS, BJP ने जताई आपत्ति
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. तेलंगाना के रामप्पा मंदिर में मिस वर्ल्ड प्रतिभागियों के पैर धोने में मदद करती कुछ महिलाओं का एक वीडियो सामने आया है जिससे विवाद खड़ा हो गया और विपक्षी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसकी आलोचना करते हुए इसे तेलंगाना की महिलाओं का अपमान बताया.

आलोचना का जवाब देते हुए राज्य सरकार ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यह परंपरा है जिसका हम ‘अतिथि देवो भव’ सिद्धांत के अनुसार पालन करते हैं, जिसके तहत हम अपने अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को सर्वोच्च सम्मान प्रदान करते हैं.” राज्य के विरासत स्थलों की अपनी यात्रा के तहत प्रतिभागी बुधवार को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त ऐतिहासिक रामप्पा मंदिर गई थीं. इस दौरान वे साड़ी पहने हुई थीं.

वीडियो में दिख रहा है कि कुछ महिलाएं कतार में बैठी प्रतिभागियों के पैरों पर पानी डाल रही हैं और उनके पैर धुलवा रही हैं. एक महिला एक प्रतिभागी के पैर तौलिए से पोंछती हुई दिखी. यह वीडियो वायरल हो गया. बीआरएस ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह “भयावह” घटना है जिसमें स्थानीय दलित, आदिवासी और आर्थिक रूप से वंचित महिलाओं को सौंदर्य प्रतियोगिता की विदेशी प्रतिभागियों के “पैर धोने और पोंछने के लिए मजबूर किया गया” और इसने पूरे तेलंगाना में आक्रोश की लहर पैदा कर दी है और राज्य के स्वाभिमान को करारा झटका लगा है.

बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामाराव ने अपने ‘एक्स’ हैंडल पर वीडियो को दोबारा पोस्ट करते हुए कहा, “कांग्रेस के मुख्यमंत्री का आधिकारिक तौर पर दिमाग खराब हो गया है.” तेलंगाना भाजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि अपने आलाकमान को खुश करने के लिए भारतीयों को विदेशियों के सामने घुटनों पर बिठाने की कांग्रेस पार्टी की सदियों पुरानी विरासत स्पष्ट है और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली के आकाओं को प्रभावित करने के अपने हताश प्रयास में भारतीय महिलाओं की गरिमा और आत्मसम्मान को कुचल दिया है.

उन्होंने पोस्ट में कहा, “कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ईशनिंदा और हमारी नारीशक्ति की गरिमा, संस्कृति और आत्मसम्मान को सर्मिपत करने के लिए तेलंगाना की महिलाओं से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए.” पूर्व मंत्री और बीआरएस विधायक सविता इंद्र रेड्डी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इसे तेलंगाना की बेटियों का घोर अपमान बताया, जिस भूमि ने रुद्रमादेवी, सम्मक्का और सरलक्का जैसी वीर महिलाओं को जन्म दिया.

उन्होंने सरकार पर प्रहार करते हुए कहा, “कांग्रेस सरकार ने राज्य की बेटियों की इज्जत तार-तार कर दी है. इस घटना ने न सिर्फ तेलंगाना को शर्मसार किया है, बल्कि दुनिया के सामने भारतीय महिलाओं की गरिमा को भी कलंकित किया है.” मिस वर्ल्ड का ‘मुख्य कार्यक्रम’ 31 मई को यहां आयोजित किया जाएगा. अपने प्रवास के दौरान, 100 से अधिक प्रतिभागी राज्य भर के कई प्रमुख पर्यटन स्थलों का दौरा करेंगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu