कैलिफोर्निया गुरुद्वारा गोलीबारी: पुलिस ने 17 लोगों को किया गिरफ्तार, मशीनगन, एके-47 बरामद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 18 Apr 2023 09:03 PM
कैलिफोर्निया गुरुद्वारा गोलीबारी: पुलिस ने 17 लोगों को किया गिरफ्तार, मशीनगन, एके-47 बरामद
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. अमेरिका में सैकरामेंटो में स्थित गुरुद्वारे समेत 11 स्थानों पर गोलीबारी की घटनाओं की कई एजेंसियों द्वारा की गई जांच के बाद 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिसमें ज्यादातर स्थानीय सिख समुदाय के सदस्य हैं. उनके पास से एके-47 राइफल और मशीनगन बरामद की गई हैं.

ये गिरफ्तारियां 20 से अधिक स्थानों पर छापेमारी के दौरान की गई हैं. उत्तरी कैलिफोर्निया के कानून प्रवर्तक अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इन समूहों के सदस्य स्टॉकटन में एक गुरुद्वारे में 27 अगस्त 2022 को हुई गोलीबारी में तथा 23 मार्च 2023 को सैकरामेंटो में एक अन्य गुरुद्वारे में की गई गोलीबारी में कथित रूप से शामिल थे. उन्होंने बताया कि स्टॉकटन की घटना में पांच और सैकरामेंट की घटना में दो लोगों को गोली लगी थी.

कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रोब बोंटा, युबा सिटी पुलिस प्रमुख ब्रायन बेकर और सट्टर काउंटी के डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी जेनिफर डुप्रे ने सोमवार को बताया कि रविवार को उत्तरी कैलिफोर्निया में 20 स्थानों पर तलाशी वारंट की तामील कराने के लिए बड़े पैमाने पर चलाए गए अभियान के दौरान 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें से ज्यादातर स्थानीय सिख समुदाय के सदस्य हैं. डुप्रे ने कहा कि पुलिस ने एके-47 राइफलें, पिस्तौल और एक मशीनगन समेत 42 बंदूकें जब्त की हैं.

उन्होंने ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार किए गए दो लोग माफिया के सदस्य हैं और भारत में ‘‘हत्या के कई मामलों में वांछित हैं.’’ कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल ने बताया कि गिरफ्तार लोग प्रतिद्वंद्वी आपराधिक गिरोह का हिस्सा हैं और वे कई हिंसक घटनाओं के लिए कथित रूप से जिम्मेदार हैं. अटॉर्नी जनरल के अनुसार, ये लोग हत्या की कोशिश के पांच मामलों समेत सट्टर, सैकरामेंटो, सैन जोकिन, सोलानो, योलो और मर्सेड काउंटी में गोलीबारी की घटनाओं में कथित रूप से शामिल रहे हैं.

इस जांच को ‘आॅपरेशन ब्रोकन सॉर्ड’ का नाम दिया गया है. एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, जांच के दौरान कानून प्रवर्तन अधिकारी दो अन्य स्थानों पर गोलीबारी की घटनाएं होने से रोकने में सफल रहे. करीब 70,000 लोगों की आबादी वाले युबा सिटी शहर में सिख समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं और इस शहर को इसीलिए ‘‘मिनी पंजाब’’ भी कहा जाता है. हर साल नवंबर में नगर कीर्तन के लिए बड़ी संख्या में लोग शहर आते हैं. कैलिफोर्निया के सेंट्रल वैली में भी सिखों की खासी संख्या है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu