कनाडा : उत्सव के दौरान भीड़ में गाड़ी घुसा दिये जाने से नौ लोगों की मौत, कई अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 05:33 PM
कनाडा : उत्सव के दौरान भीड़ में गाड़ी घुसा दिये जाने से नौ लोगों की मौत, कई अन्य घायल
ऑडियो सुनें

वैंकूवर. कनाडा के वैंकूवर शहर में फिलिपिनो समुदाय के विरासत उत्सव के दौरान एक व्यक्ति द्वारा भीड़ में गाड़ी घुसा दिये जाने के कारण कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. वैंकूवर पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि घटना शनिवार रात 8:14 बजे हुई, जब लोग ‘लापु लापु’ दिवस उत्सव में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे. घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं लेकिन अभी तक घायलों की संख्या का ब्योरा नहीं मिला है.

पुलिस ने बताया कि वैंकूवर निवासी 30 वर्षीय एक व्यक्ति को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया है तथा विभाग का प्रमुख अपराध अनुभाग जांच की निगरानी कर रहा है. रविवार सुबह पुलिस विभाग ने पोस्ट किया, ”इस समय, हमें विश्वास है कि यह घटना आतंकी कृत्य नहीं है.” यह उत्सव दक्षिण वैंकूवर क्षेत्र में मनाया जा रहा था.

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में हादसे की चपेट में आए लोग सड़क पर पड़े देखे जा सकते हैं जिनमें कम से कम सात लोग अचेत नजर आ रहे हैं. घटनास्थल की तस्वीरों में काले रंग की एक एसयूवी (स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल) दिखती है जिसका अगला हिस्सा टूटा हुआ है.

वैंकूवर के मेयर केनेथ सिम ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ”मैं आज लापु लापु दिवस समारोह में हुई भयावह घटना से स्तब्ध और अत्यंत दुखी हूं. इस अत्यंत कठिन समय में हमारी संवेदनाएं प्रभावित सभी लोगों तथा वैंकूवर के फिलिपिनो समुदाय के साथ हैं.” राष्ट्रीय जनगणना करने वाली एजेंसी ‘स्टैटिस्टिक्स कनाडा’ के अनुसार, 2021 में वैंकूवर में फिलिपिनो मूल के 38,600 से अधिक लोग रह रहे थे, जो शहर की कुल आबादी का 5.9 प्रतिशत हैं. कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अन्य राजनीतिक नेताओं ने घटना पर दुख व्यक्त किया तथा पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu