अनुराग कश्यप के खिलाफ जयपुर में मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Apr 2025 09:33 PM
अनुराग कश्यप के खिलाफ जयपुर में मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

जयपुर. फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ एक जाति विशेष के बारे में अपशब्द कहने के आरोप में यहां बजाज नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. बजाज नगर थाने के पुलिस उपनिरीक्षक राम कृपाल ने बताया कि बरकत नगर के रहने वाले अनिल चतुर्वेदी ने शनिवार रात फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के अनुसार, कश्यप ने ब्राह्मणों को लेकर विवादित पोस्ट सोशल मीडिया पर की है.

उल्लेखनीय है कि फिल्म निर्देशक अनुराग कश्यप की इसी महीने रिलीज होने वाली फिल्म ‘फुले’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. यह फिल्म समाज सुधारक दंपत्ति ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के जीवन पर आधारित है. फिल्म रिलीज होने से पहले इस पर जातिवाद को बढ़ावा देने का आरोप लग रहा है. कश्यप ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया पर विवादित बयान पोस्ट किया था, जिसके बाद लोगों ने उन्हें ‘ट्रोल’ किया था.

जब अनुराग को ट्रोल किया गया तो उन्होंने ब्राह्मण समुदाय पर दिए गए अपने आपत्तिजनक बयान के लिए माफी मांगी. उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर पोस्ट किया था, “मैं माफी मांगता हूं, लेकिन मैं अपनी पोस्ट के लिए नहीं बल्कि उस एक लाइन के लिए माफी मांग रहा हूं, जिसे गलत तरीके से लिया गया और नफरत फैलाई गई.” कश्यप ने कहा, “कोई भी कार्रवाई या भाषण आपकी बेटी, परिवार, दोस्तों और परिचितों से ज़्यादा महत्वपूर्ण नहीं है. उन्हें बलात्कार की धमकियां मिल रही हैं, जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. और यह सब खुद को संस्कारी कहने वाले लोग कर रहे हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu