ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी, फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज

रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की पुलिस ने ब्राह्मण समाज के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी करने के आरोप में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय ब्राह्मण महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ प्रभारी पंडित नीलकंठ त्रिपाठी तथा अन्य की शिकायत पर शहर के कोतवाली थाना की पुलिस ने फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

सिंह ने बताया कि ब्राह्मण समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी सोमवार देर रात कोतवाली थाना पहुंचे थे तथा उन्होंने अनुराग कश्यप के कथित अमर्यादित टिप्पणी को लेकर पुलिस में शिकायत की थी जिसके बाद पुलिस ने कश्यप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ब्राह्मण समाज ने अपनी शिकायत में कहा है, ”हाल ही में फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप ने अपने सोशल मीडिया मंच पर ब्राह्मण समाज के खिलाफ जातिगत टिप्पणी की है, जो अत्यंत अपमानजनक और दुर्भावनापूर्ण है. इस टिप्पणी से हमारे ब्राह्मण समाज की भावनाएं आहत हुई है और सामाजिक सौहार्द को खतरा उत्पन्न हुआ है. हमारे मान-सम्मान को ठेस पहुंचा है.” सिंह के अनुसार ब्राह्मण समाज ने कहा, ”..अभद्र, अशोभनीय भाषा का प्रयोग करने वाले मूढ़ बुद्धि अनुराग कश्यप ने अपनी टीआरपी बढ़ाने के चक्कर में सनातन धर्म की भावनाओं को आघात पहुंचाया है.”

सिंह ने बताया कि ब्राह्मण समाज ने अपनी शिकायत में कश्यप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है. उन्होंने बताया कि ब्राह्मण समाज की शिकायत पर पुलिस ने कश्यप के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 196 (बोले गए, लिखे गए शब्दों या संकेतों द्वारा जातियों या समुदाय के बीच वैमनस्यता की भावना पैदा करना) और 302 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है लेकिन अभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button