भारत में कोविड-19 के मामले अभी कम क्योंकि देश ने सही टीका चुना: पूनावाला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Apr 2022 08:39 PM
भारत में कोविड-19 के मामले अभी कम क्योंकि देश ने सही टीका चुना: पूनावाला
ऑडियो सुनें

पुणे. सीरम इंस्टीट्यूट आॅफ इंडिया (एसआईआई) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अदार पूनावाला ने सोमवार को कहा कि इस समय कोविड-19 मामलों की संख्या कम इसलिए है क्योंकि देश ने सही टीका चुना. ‘अल्टरनेट फ्यूल कॉन्क्लेव’ से इतर पत्रकारों से बात करते हुए पूनावाला ने कहा कि चौथी लहर, अगर आती है, तो उम्मीद है कि वह हल्की होगी.

उन्होंने बूस्टर खुराक पर कहा, ‘‘बूस्टर खुराक के बारे में, हमने सरकार से अपील की है क्योंकि हर उस व्यक्ति को बूस्टर खुराक की जरूरत है जिसे यात्रा करना जरूरी है. वे (सरकार) आंतरिक चर्चा कर रहे हैं और बूस्टर खुराक पर एक नीति जल्द ही घोषित की जा सकती है.’’ पूनावाला ने कहा कि अन्य सभी देश यह कर रहे हैं और अब भारत के लिए इस (बूस्टर खुराक) पर एक नजर डालने का समय आ गया है. उन्होंने कहा कि केंद्र ने अधिकांश पात्र वयस्क आबादी को टीके की खुराक देकर एक शानदार काम किया है.

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे टीके अन्य देशों की तुलना में बेहतर साबित हुए हैं. अमेरिका और यूरोप को देखें, उनके यहां बहुत सारे मामले हैं. हमारे यहां मामले कम हैं क्योंकि हमने सही टीके चुने हैं.’’ यह पूछे जाने पर कि क्या टीके अपने वर्तमान स्वरूप में कोरोना वायरस के नये स्वरूप के खिलाफ कारगर हैं, उन्होंने कहा कि वे तभी काम करेंगे जब बूस्टर खुराक ली जाएगी, क्योंकि इससे भविष्य के स्वरूपों के खिलाफ सुरक्षा बनेगी. पूनावाला ने कहा कि भारत में, विशेषज्ञ टीकों को मिलाने के मुद्दे पर विचार कर रहे हैं, हालांकि दुनिया भर में इसकी अनुमति है. पुणे स्थित एसआईआई कोविशील्ड टीका बनाती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu