सीबीआई ने जासूसी के आरोप में अमेरिका स्थित पोर्टल के स्वतंत्र पत्रकार को किया गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 16 May 2023 09:29 PM
सीबीआई ने जासूसी के आरोप में अमेरिका स्थित पोर्टल के स्वतंत्र पत्रकार को किया गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सीबीआई ने रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) और सेना के बारे में कथित रूप से संवेदनशील जानकारी एकत्र करने और उसे विदेशी खुफिया एजेंसियों के साथ साझा करने के आरोप में एक स्वतंत्र पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

अधिकारियों ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज करने के बाद केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जयपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में विवेक रघुवंशी और उसके करीबी लोगों से जुड़े 12 स्थानों पर छापेमारी की. रक्षा एवं रणनीतिक मामलों के एक अमेरिका स्थित पोर्टल की वेबसाइट पर रघुवंशी का नाम उसके भारतीय संवाददाता के तौर पर सूचीबद्ध है.

एजेंसी ने रघुवंशी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 120-बी (आपराधिक साजिश) के साथ शासकीय गोपनीयता अधिनियम की धारा 3 (जासूसी) के तहत मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने कहा कि छापे के दौरान कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद किए गए और उन्हें विधिक जांच के लिये भेजा गया है.

सूत्रों ने कहा कि एजेंसी ने भारत और विदेश में रघुवंशी के सहयोगियों के बारे में पता लगाने के लिए एक विस्तृत जांच शुरू की है.
सीबीआई ने आरोप लगाया कि वह कथित तौर पर डीआरडीओ की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति के बारे में संवेदनशील जानकारी और ब्योरेवार विवरण एकत्र कर रहा था. एजेंसी ने आरोप लगाया कि वह भारतीय सशस्त्र बलों की भविष्य की खरीद योजनाओं के बारे में भी विवरण जुटा रहा था जो देश की रणनीतिक तैयारियों पर विपरीत प्रभाव डाल सकती हैं.

सीबीआई का आरोप है कि रघुवंशी ने मित्र देशों के साथ भारत की रणनीतिक और कूटनीतिक बातचीत के ब्यौरे के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय संचार सूचनाओं की जानकारी जुटाई थी. सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘आरोप है कि उसने भारतीय सशस्त्र बलों की भविष्य की खरीद के बारे में संवेदनशील विवरण एकत्र किए और आगे बढ़ाए जो देश की रणनीतिक तैयारियों के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित गोपनीय संचार और सूचना, हमारे मित्र देशों के साथ भारत की सामरिक व राजनयिक वार्ता का विवरण प्रकट करता है और इस तरह की वर्गीकृत जानकारी को विदेशी की खुफिया एजेंसियों के साथ साझा किया.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu