
राफा. इजराइल और हमास अस्थायी युद्धविराम एक दिन और बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं जिसकी समयसीमा बृहस्पतिवार को समाप्त हो रही थी. इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम बृहस्पतिवार सुबह सात बजे समाप्त होने वाला था लेकिन इसके कुछ मिनट पहले ही यह जानकारी सामने आई कि युद्धविराम एक दिन के लिए बढ़ गया है.
कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि युद्धविराम की शर्तें पहले वाली ही रहेंगी जिसके तहत हमास 10 इजराइली बंधकों को प्रतिदिन रिहा कर रहा है और बदले में इजराइल 30 फलस्तीनी कैदियों को छोड़ रहा है. कतर ने युद्धविराम के लिए इजराइल और हमास के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाई है.
गाजा में इजराइली बमबारी और जमीनी अभियान के बाद युद्धविराम को यथासंभव लंबे समय तक जारी रखने का अंतरराष्ट्रीय दबाव है. अब तक हमलों में हजारों फलस्तीनियों की मौत हुई है, बड़ी संख्या में लोग विस्थापित हुए हैं और मानवीय संकट पैदा हुआ है.
युद्ध से पूरे क्षेत्र में तनाव है. बृहस्पतिवार सुबह दो बंदूकधारियों ने एक राजमार्ग में बस और अन्य वाहनों का इंतजार कर रहे लोगों पर गोलियां चलाईं.
इजराइल की आपातकालीन सेवा ‘मैगेड डेविड एडोम’ ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए जिनमें एक की हालत गंभीर है . पुलिस ने बताया कि दोनों हमलावर मारे गए. युद्धविराम बढ़ाने के लिए दोनों पक्षों में अंतिम वक्त में गतिरोध हुआ. हमास ने कहा कि इजराइल ने उसकी एक प्रस्तावित सूची को खारिज कर दिया जिसमें सात कैदियों के नाम थे और इजराइल के हवाई हमलों में मारे गए तीन लोगों के अवशेष लौटाने का जिक्र था. इजराइल ने बाद में कहा कि हमास ने फिर संशोधित सूची सौंपी जिससे युद्धविराम को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ.
माना जा रहा है कि युद्धविराम की आगे की शर्तें अधिक कठिन हो सकती हैं क्योंकि हमास द्वारा बंधक बनाए गए अधिकतर महिलाओं और बच्चों की रिहाई हो गई है और हमास की ओर से सैनिकों तथा पुरुषों को रिहा करने के एवज में बड़ी मांगे रखी जा सकती हैं.
इजराइल ने कहा है कि यदि हमास बंधकों की रिहाई जारी रखता है तो वह युद्धविराम को जारी रखेगा.
गाजा पर 2007 से हमास का शासन है और उसने सात अक्टूबर को इजराइल पर हमला किया था. इस हमले के दौरान बरती गई क्रूरता से पूरी दुनिया हैरान रह गई थी. ऐसा प्रतीत होता है कि अब तक गाजा पर इजराइली हमले से हमास के शासन पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा है, जो जटिल वार्ता आयोजित करने, अन्य सशस्त्र समूहों के बीच संघर्ष विराम लागू करने और बंधकों की रिहाई की योजना बनाने की इसकी क्षमता से दिखाई देता है.
माना जा रहा है कि येहया सिनवार सहित हमास के अन्य नेता दक्षिण गाजा में चले गए हैं. उत्तरी गाजा के अधिकतर हिस्से पर इजराइली सैनिकों का कब्जा है, लोग जान बचाकर दक्षिण गाजा में चले गए है. ऐसे में दक्षिण में जमीनी कार्रवाई से फलस्तीन को जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है. इजराइल के प्रमुख सहयोगी देश अमेरिका ने कहा है कि यदि वह दक्षिण में आक्रमण शुरू करता है तो उसे बेहद सटीक हमले करने होंगे, मतलब इस प्रकार से हमले करने होंगे कि आम लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचे.
बुधवार की रिहाई के बाद हमास की ओर से रिहा किए गए इजराइलियों की संख्या 73 हो गई थी . इनके अलावा 24 अन्य बंधकों – थाइलैंड के 23 और फिलीपीन के एक नागरिक को भी रिहा किया गया है. युद्धविराम से पहले हमास ने चार बंधकों को रिहा किया था और इजराइली सेना ने एक को बचा लिया था. दो अन्य गाजा में मृत पाए गए थे.



