राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर 22 जनवरी को मनाएं दिवाली : मुख्यमंत्री शिंदे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 31 Dec 2023 08:34 PM
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर 22 जनवरी को मनाएं दिवाली : मुख्यमंत्री शिंदे
ऑडियो सुनें

मुंबई/मथुरा. . महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार को बीएमसी आयुक्त से मंदिरों और इमारतों पर सजावटी लाइट लगाने और 22 जनवरी को आयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन शहर में दिवाली मनाने को कहा. उत्तर प्रदेश के अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और 6,000 से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.

मुंबई में एक स्वच्छता अभियान को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिंदे ने कहा, ”राम मंदिर का उद्घाटन 22 जनवरी को किया जाएगा. मैं बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) आयुक्त से पूरे मुंबई शहर में दिवाली मनाने के लिए कहना चाहता हूं. मंदिरों और इमारतों पर सजावटी लाइट भी लगाई जाएं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर (शिवसेना संस्थापक) दिवंगत बालासाहेब ठाकरे और भगवान राम के भक्तों का एक सपना था.

उन्होंने कहा, ”मोदी जी ने राम मंदिर निर्माण के सपने को हकीकत में बदल दिया. प्रधानमंत्री मोदी जो कहते हैं उसे पूर्ण करना सुनिश्चित करते हैं. सभी मोदी की गारंटी पर भरोसा करते हैं.” उन्होंने संवादाताओं के एक प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा कि महाराष्ट्र के सभी हिस्सों में 22 जनवरी का दिन दिवाली की तरह मनाया जाना चाहिए.

ये पूछे जाने पर कि क्या राम मंदिर के उद्घाटन का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए किया जा रहा है, तो शिंदे ने कहा कि राम मंदिर लोगों की आस्था का विषय है, इसलिए यह राजनीतिक मुद्दा नहीं हो सकता. उन्होंने परोक्ष रूप से पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग घर से काम करने के लिए जाने जाते हैं, वह स्थायी रूप से घर ही बैठेंगे.

प्राण प्रतिष्ठा समारोह की उतनी ही खुशी, जितनी भगवान राम के हाथों रावण की हार पर होती है: खट्टर
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को कहा कि लोगों को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर उतनी ही खुशी होगी जितनी उन्हें भगवान राम के हाथों रावण की हार पर होती है. खट्टर ने यहां साध्वी ऋतंभरा के षष्ठीपूर्ति महोत्सव (60वीं जयंती) को सम्बोधित करते हुए कहा, ”अयोध्या में राम मंदिर के अभिषेक समारोह पर लोगों को उतनी ही खुशी होगी जितनी उन्हें तब महसूस हुई थी जब भगवान राम ने 14 साल के वनवास के दौरान रावण का वध किया था.” खट्टर ने राम मंदिर आंदोलन में साध्वी ऋतंभरा की भूमिका की भी सराहना की.

 

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu