छत्तीसगढ़ : भाजपा ने 16 सीट जीतीं, 38 पर बढ़त, कांग्रेस की झोली में 10 सीट, 26 पर आगे

रायपुर. छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 16 सीट पर जीत हासिल कर ली है तथा 38 पर बढ़त बनाये हुए है, वहीं कांग्रेस की झोली में फिलहाल 10 सीट गयी है, जबकि 26 सीट पर आगे है. निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा ने मनेंद्रगढ़, रामानुजगंज, जशपुर, कुनकुरी, पत्थलगांव, कोरबा, तखतपुर, बिलासपुर, बेलतरा, रायपुर उत्तर, अभनपुर, राजिम, कोंडागांव, जगदलपुर और चित्रकोट समेत 16 सीट जीत ली हैं.

रामानुजगंज सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता रामविचार नेताम ने कांग्रेस के अजय कुमार तिर्की को 29663 मतों से हराया है. वहीं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी सीट से कांग्रेस के यूडी मिंज को 25541 मतों से हराया. राज्य के कोरबा सीट से भाजपा के लखनलाल देवांगन ने निवर्तमान राज्य सरकार में मंत्री जयसिंह अग्रवाल को 25629 मतों से हराया है.

चित्रकोट से भाजपा के विनय गोयल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को 8370 मतों से पराजित किया है. राज्य में मंत्री एवं कोंडागांव से विधायक मोहन मरकाम भी चुनाव हार गए हैं. उन्हें भाजपा की पूर्व मंत्री लता उसेंडी ने 18572 मतों से पराजित किया है.

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने सारंगढ़, रामपुर, कोटा, मस्तुरी, डोंगरगढ़, खुज्जी, भानुप्रतापपुर और बीजापुर समेत 10 सीट जीती हैं. कोटा सीट से कांग्रेस के अटल श्रीवास्तव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप सिंह जूदेव के पुत्र प्रबल प्रताप सिंह को 5957 मतों से हराया है. इस सीट की विधायक एवं पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी तीसरे नंबर पर रहीं. राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान हुआ था. मतदान प्रतिशत 76.31 प्रतिशत रहा.

  • कोंडागांव में कांग्रेस के मंत्री मोहन मरकाम भाजपा की लता उसेंडी से 18,572 वोटों से हारे.
  • नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल जांजगीर-चांपा में कांग्रेस के व्यास कश्यप से हार गए.
  • डहरिया आरंग में कांग्रेस के मंत्री शिवकुमार डहरिया भाजपा के गुरु खुशवंत साहब से 16,538 वोटों से हारे.

Related Articles

Back to top button