छत्तीसगढ़ सरकार का भीषण गर्मी के कारण स्कूलों में 25 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश का आदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 10:05 PM
छत्तीसगढ़ सरकार का भीषण गर्मी के कारण स्कूलों में 25 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश का आदेश
ऑडियो सुनें

रायपुर. छत्तीसगढ़ सरकार ने भीषण गर्मी के मद्देनजर स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश समय से पहले ही शुरू करने का फैसला किया है. अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने 25 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की है.

उन्होंने बताया कि विभाग से आज शाम जारी आदेश में कहा गया है कि स्कूल शिक्षा विभाग ने राज्य के सरकारी, अनुदान प्राप्त और गैर अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक मई 2025 से 15 जून 2025 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित किया था लेकिन भीषण गर्मी और लू के कारण विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव की आशंका को देखते हुए राज्य शासन ने घोषित ग्रीष्मकालीन अवकाश की अवधि बदलकर 25 अप्रैल 2025 से 15 जून2025 तक कर दी है. इसमें कहा गया है कि यह आदेश शिक्षकों के लिए लागू नहीं होगा. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य शासन के इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा है कि बच्चे घर में रहकर रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लें.

साय ने कहा है,”प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू को देखते हुए विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सभी सरकारी एवं गैर सरकारी स्कूलों में 25 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा की गई है. सभी बच्चों से आग्रह है कि तेज धूप से बचें, भरपूर पानी पिएं, घर पर रहकर रचनात्मक गतिविधियों में भाग लें एवं छुट्टियों का आनंद लें.” अधिकारियों के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में इस समय अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक है.

मौसम विज्ञान केंद्र (रायपुर) ने मंगलवार को अगले तीन दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना जताई है. केंद्र ने कहा है, ”पिछले 24 घंटों के दौरान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में लू चली है. अगले पांच दिनों तक बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.” मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि मंगलवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu