छत्तीसगढ़ में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, उत्तरी इलाकों में शीत लहर की संभावना, अभी और गिरेगा पारा…

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 28 Nov 2025 03:43 PM
छत्तीसगढ़ में पड़ेगी कड़ाके की ठंड, उत्तरी इलाकों में शीत लहर की संभावना, अभी और गिरेगा पारा…
ऑडियो सुनें

रायपुर: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। राजधानी रायपुर से लेकर सरगुजा और बस्तर तक अधिकांश इलाकों में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में करीब 1–2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है, लेकिन कुल मिलाकर ठंड की वापसी तेज़ हो चुकी है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में हल्की शीत लहर की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में बादल, बारिश या किसी भी तरह की नमी वाला सिस्टम सक्रिय नहीं है। इसलिए अगले 1–2 दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहने वाला है। महीने की शुरुआत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण तापमान में अचानक उछाल आया था, जिससे ठंड कुछ दिनों के लिए कमजोर पड़ गई थी। हालांकि, अब तापमान फिर से गिरने लगा है और मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह तक ठंड अपने सामान्य स्तर से भी अधिक महसूस की जा सकती है।

इसी बीच ठंड बढ़ने के साथ रोज़मर्रा की चीज़ों के दाम में भी हलचल दिख रही है। बाज़ारों में उबले अंडे की कीमत पहली बार सिर्फ 8 रुपये तक आ गई है, जो ठंड के साथ बढ़ती खपत का संकेत है। अगले कुछ दिनों में उत्तरी हवा तेज़ होने से रातें और ठंडी होंगी। दिसंबर के पहले हफ्ते तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट की उम्मीद। स्वास्थ्य विभाग ने सुबह-सुबह धुंध और कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की अपील की है।

राज्य के ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रहा, वहीं सबसे सर्द रात अंबिकापुर ने दर्ज की, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह तापमान गिरावट सर्दी के अगले चरण की ओर इशारा कर रही है। राजधानी रायपुर में आज आसमान बिल्कुल साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह और देर शाम ठंड का असर स्पष्ट रूप से महसूस होने लगेगा, जबकि दिन में हल्की धूप रहने की संभावना है।
अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करें

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital