ट्रंप के आसिम मुनीर की तारीफ को लेकर कांग्रेस ने प्रधानमंत्री पर साधा निशाना

मोदी और ट्रंप के बीच यह कैसी दोस्ती है: कांग्रेस का प्रधानमंत्री पर निशाना

नयी दिल्ली. कांग्रेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की प्रशंसा करने को लेकर मंगलवार को सरकार पर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ट्रंप को खुश करने की ‘बेताब कोशिशों’ के बावजूद अमेरिकी नेता भारत को किस तरह का संकेत दे रहे हैं. विपक्षी पार्टी ने ट्रंप के मुनीर की प्रशंसा और दोनों के बीच पिछली मुलाकातों का हवाला देते हुए पूछा कि ट्रंप और मोदी के बीच यह कैसी दोस्ती है.

कांग्रेस महासचिव (संचार प्रभारी) जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार राष्ट्रपति ट्रंप को अपना अच्छा दोस्त बताते हैं और सच कहें तो राष्ट्रपति ट्रंप भी प्रधानमंत्री मोदी को अपना अच्छा दोस्त कहते रहते हैं. रमेश ने ‘एक्स’ पर कहा, ”लेकिन यह कैसी दोस्ती है? 18 जून को राष्ट्रपति ट्रंप ने व्हाइट हाउस में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के लिए एक अभूतपूर्व लंच का आयोजन किया. यही वह फील्ड मार्शल थे, जिनके भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से जहरीले बयानों ने 22 अप्रैल 2025 को पाकिस्तान द्वारा किए गए पहलगाम आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि तैयार की थी.” उन्होंने कहा कि इसके बाद एक अक्टूबर को ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ में फील्ड मार्शल से दूसरी बार मुलाकात की, जब मुनीर ने राष्ट्रपति ट्रंप को दुर्लभ खनिजों का एक डिब्बा भेंट किया.

कांग्रेस नेता ने कहा, ”अब मिस्र में कल राष्ट्रपति ट्रंप ने मुनीर को ‘मेरे पसंदीदा फील्ड मार्शल’ कहा और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को विशेष स्थान दिया. प्रधानमंत्री मोदी द्वारा अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अपनी नजदीकी ब­ढ़ाने और उनकी कृपा पाने की बेताब कोशिशों के बावजूद, राष्ट्रपति ट्रंप भारत को कैसा संकेत दे रहे हैं?” रमेश ने पूछा कि यह किस तरह की दोस्ती है.

शरीफ और पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर की प्रशंसा करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री को गाजा में युद्ध विराम के बाद मिस्र में विश्व नेताओं के शिखर सम्मेलन को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया. ट्रंप ने मुनीर को “पाकिस्तान का मेरा पसंदीदा फील्ड मार्शल” कहा. मुनीर इस अवसर पर मौजूद नहीं थे.

ट्रंप ने सोमवार को भारत और प्रधानमंत्री मोदी का नाम लिए बिना उनकी प्रशंसा करते हुए कहा, ”भारत महान देश है, जिसका नेतृत्व मेरे बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं.” ट्रंप ने गाजा में इजराइल-हमास के बीच करीब दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने के लिए युद्ध विराम पर बनी सहमति के बाद मिस्र के शर्म अल शेख शहर में विश्व नेताओं के एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि ”भारत और पाकिस्तान एक साथ बहुत अच्छी तरह से रहेंगे”. ट्रंप ने अपने पीछे खड़े पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर देखते हुए कहा, ”भारत महान देश है और मेरे बहुत अच्छे मित्र उसका नेतृत्व कर रहे हैं. उन्होंने शानदार काम किया है. मुझे लगता है कि पाकिस्तान और भारत साथ मिलकर बहुत अच्छे से रहेंगे.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button