शिमला/नयी दिल्ली. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के चुनावी अभियान की बुधवार को शुरुआत की. उन्होंने ‘10 संकल्प’ वाला पार्टी का लघु घोषणा पत्र जारी किया. इसमें पुरानी पेंशन योजना की बहाली, मुफ्त बिजली, मोबाइल क्लिनिक और सेब समेत फलों की सही कीमत तय करना शामिल है.
इस मौके पर प्रदेश के लिए पार्टी के वरिष्ठ चुनाव पर्यवेक्षक बघेल के अलावा, चुनाव के लिए कांग्रेस पर्यवेक्षक सचिन पायलट और प्रताप ंिसह बाजवा, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा ंिसह और प्रदेश पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
कांग्रेस ने प्रदेश में सरकार बनने के 10 दिन के अंदर पुरानी पेंशन योजना, हर घर को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 18 से 60 वर्ष की उम्र की महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने, पांच लाख युवाओं को रोजगार देने, बागान मालिकों को फलों की कीमत तय करने का अधिकार देने का वादा किया है.
इसी तरह पार्टी ने युवाओं के लिए 680 करोड़ रुपये का स्टार्टअप कोष स्थापित करने, हर गांव में मुफ्त इलाज के लिए मोबाइल क्लिनिक बनाने, हर विधानसभा क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम के चार स्कूल खोलने का भी वादा किया है. पार्टी ने अपने ‘संकल्प पत्र’ में गाय एवं भैंसों के मालिकों से हर दिन 10 लीटर दूध खरीदने और दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से गाय का गोबर खरीदने का भी वादा किया है.
बघेल ने कहा, ‘‘ गाय एवं भैंस पालकों से दूध खरीदने से उन्हें उचित मूल्य मिल सकेगा.’’ कांग्रेस के इन वादों को पार्टी का ‘लुघ घोषणा पत्र’ माना जा रहा है. कांग्रेस बेरोजÞगारी, किसानों, पशुपालकों और महिलाओं से संबंधित मुद्दों को उठाने की कोशिश कर रही है.
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के चुनाव इस साल के अंत में होने हैं और कांग्रेस पहाड़ी राज्य से भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से बेदखल करने की कोशिश में है.