कांग्रेस का एक ही परिवार को बढ़ावा देने में यकीन, मोदी सबका सम्मान करते हैं: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 07:54 PM
कांग्रेस का एक ही परिवार को बढ़ावा देने में यकीन, मोदी सबका सम्मान करते हैं: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) का नाम बदले जाने की कांग्रेस द्वारा की गई आलोचना पर पलटवार करते हुए बुधवार को कहा कि विपक्षी दल की विचार प्रक्रिया अकेले नेहरू-गांधी परिवार के ईद-गिर्द घूमती है जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सभी प्रख्यात हस्तियों को सम्मान देने में विश्वास करते हैं.

एनएमएमएल का नाम बदले जाने के निर्णय के कुछ सप्ताह बाद सरकार ने औपचारिक रूप से बुधवार को इसका नाम प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय सोसाइटी कर दिया. पहले यह पूरी तरह से देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को सर्मिपत था लेकिन सरकार ने अन्य सभी पूर्व प्रधानमंत्रियों को इसमें प्रमुखता से स्थान देने के लिए इसका नाम बदलने का निर्णय किया था.
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मोदी का एकमात्र एजेंडा नेहरूवादी विरासत को नकारना, तोड़ना, बदनाम करना और नष्ट करना है.
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस नेहरू-गांधी परिवार को बढ़ावा देने के ईद-गिर्द केंद्रित है जबकि मोदी ने सुनिश्चित किया है कि सभी प्रधानमंत्रियों को सम्मानजनक स्थान दिया जाए. उन्होंने कहा कि इससे पहले किसी अन्य प्रधानमंत्री को संग्रहालय में जगह नहीं दी गई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की आलोचना कुछ और नहीं बल्कि दरबारियों का विलाप है.

भाजपा के एक अन्य नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि मोदी ने कांग्रेस सहित सभी प्रधानमंत्रियों को सम्मानित करने की कोशिश की है. नकवी ने कहा कि उन्होंने हमारे उन सभी महापुरुषों को सम्मान दिया है जिन्हें कांग्रेस ने भुला दिया था. उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि केवल एक परिवार ने राष्ट्र के निर्माण में योगदान दिया और सभी संस्थानों का नाम अपने सदस्यों के नाम पर रखा. नकवी ने कहा, ”वे कब तक इस भावनात्मक शोषण के जरिए लोगों को मूर्ख बना सकते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu