
नागपुर/नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बृहस्पतिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ध्रुवीकरण एवं तुष्टीकरण की राजनीति में शामिल होने का आरोप लगाया और दावा किया कि देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस ही धर्मनिरपेक्षता पर अमल करती है. वह यहां कांग्रेस नेता अविनाश पांडे द्वारा आयोजित एक निजी समारोह में भाग लेने के बाद नागपुर हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बात कर रहे थे.
खरगे ने कहा, ”
हालांकि वे (भाजपा) तुष्टिकरण की राजनीति और ध्रुवीकरण में लगे हुए हैं, हम धर्मनिरपेक्षता को कायम रखते हैं. भारत जोड़ो यात्रा (राहुल गांधी के नेतृत्व में) इस प्रतिबद्धता का एक प्रमाण थी.” भाजपा द्वारा राहुल गांधी और उनके खिलाफ चुनाव आयोग से शिकायत करने के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि वह इस मुद्दे पर अपनी प्रतिक्रिया सीधे चुनाव आयोग को देंगे.
निर्वाचन आयोग ने प्रधानमंत्री नेरन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए की गईं ‘पनौती’, ‘जेबकतरे’ और कर्ज माफी संबंधी टिप्पणियों के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी को बृहस्पतिवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया. आयोग ने उनसे शनिवार शाम तक जवाब देने को कहा है. कांग्रेस के रुख को दोहराते हुए खरगे ने कहा कि उनकी पार्टी सत्ता में आने पर देश में जाति आधारित जनगणना कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल, इस बार रिवाज बदलेगा: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार के आखिरी दिन बृहस्पतिवार को दावा किया कि अशोक गहलोत सरकार की कल्याकारी योजनाओं एवं पार्टी की सात ‘गारंटी’ के चलते प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है तथा हर पांच साल में सरकार बदलने का रिवाज इस बार बदलेगा. राजस्थान में बृहस्पतिवार शाम चुनाव प्रचार थम जाएगा. प्रदेश की सभी 200 विधानसभा सीट के लिए आगामी 25 नवंबर को मतदान होगा. मतगणना तीन दिसंबर को होगी.
खरगे ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”राजस्थान के चुनाव प्रचार का आज आख.री दिन है. वीरों और रणबांकुरों की पावन धरती राजस्थान ने हमारी जन-कल्याणकारी योजनाओं को स्वीकारा है. कांग्रेस पार्टी की 7 गारंटी पर अपना भरोसा जताने के लिए एक करोड़ से भी ज़्यादा परिवारों को धन्यवाद. पूरे राज्य में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में माहौल है.”
उन्होंने दावा किया, ”भाजपा हमारे सामाजिक न्याय, आर्थिक सशक्तिकरण और बचत एवं राहत की योजनाओं से घबरा गई है. प्रधानमंत्री मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह खोखली, बेतुकी,अनर्गल और विभाजनकारी बातों में व्यस्त है, उनको कांग्रेस पार्टी की सात गारंटी रास नहीं आ रही हैं. इस बार जनता उनके झूठ, बहकावे और नफ.रत भरी बातों में नहीं आएगी.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”राजस्थान की जनता ने ये तय कर लिया है कि इस बार रिवाज बदलेगा, वे कांग्रेस पार्टी को पुन? अवसर देंगे. ”



