केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर दोहरा रुख अपनाती है कांग्रेस: अभिषेक बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 02 May 2023 09:13 PM
केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर दोहरा रुख अपनाती है कांग्रेस: अभिषेक बनर्जी
ऑडियो सुनें

इटाहार. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि वह केंद्र सरकार द्वारा विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के “दुरुपयोग” पर दोहरा रुख अपनाती है. बनर्जी ने कहा कि जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अन्य विपक्षी दलों को ‘परेशान’ करते हैं तो कांग्रेस उसका ‘स्वागत’ करती है, लेकिन जब उसके नेताओं को तलब किया जाता है तो वह त्योरियां चढ़ाती है.

पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ पार्टी टीएमसी ने पिछले महीने स्पष्ट कर दिया था कि वह कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों से समान दूरी बनाए रखेगी और 2024 के लोकसभा चुनावों में भगवा खेमे का मुकाबला करने के लिए क्षेत्रीय दलों को एकसाथ लाने की दिशा में काम करने की कोशिश करेगी.

बनर्जी ने कहा, ‘‘जब सीबीआई और ईडी बंगाल में टीएमसी नेताओं के खिलाफ छापे मारती हैं, तो कांग्रेस केंद्रीय एजेंसियों की सराहना करती है, लेकिन जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली बुलाया जाता है, तो वे जांच एजेंसियों के खिलाफ हो जाते हैं और विरोध करना शुरू कर देते हैं.” टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव बनर्जी पिछले महीने शुरू किए गए पार्टी के 60 दिवसीय जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत सोमवार देर रात उत्तर दिनाजपुर जिले के इटाहार में एक ‘अधिवेशन’ में बोल रहे थे.

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘कांग्रेस भाजपा के खिलाफ लड़ने की बात करती है, लेकिन बंगाल में वह हमारा विरोध करने में भाजपा और वामदलों से मिलीभगत करती है.’’ बनर्जी ने यह भी कहा कि केवल टीएमसी ही भाजपा का मुकाबला कर सकती है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu