
फीफा विश्व कप 2026 में लियोनल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें फुटबॉल का सबसे बड़ा जादूगर क्यों कहा जाता है। अल्जीरिया के खिलाफ ग्रुप-जे के मुकाबले में अर्जेंटीना के कप्तान ने शानदार हैट्रिक लगाकर अपनी टीम को 3-0 की जीत दिलाई। खास बात यह रही कि यह मुकाबला मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का 200वां मैच था और उन्होंने इसे यादगार बनाते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। मेसी विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में जर्मनी के दिग्गज मिरोस्लाव क्लोज की बराबरी पर पहुंच गए। विश्व कप शुरू होने से पहले उनके नाम 13 गोल थे, लेकिन एक ही मैच में तीन गोल दागकर उन्होंने अपना आंकड़ा 16 तक पहुंचा दिया।
17वें मिनट में दागा जादुई गोल
मेसी ने मैच के 17वें मिनट में अपनी क्लास दिखाई। उन्होंने मिडफील्ड में गेंद हासिल की, कुछ कदम आगे बढ़े और फिर बॉक्स के बाहर से बाएं पैर का शानदार शॉट लगाया। गेंद सीधे गोलपोस्ट के कोने में जा समाई और अल्जीरिया के गोलकीपर लुका जिदान उसे रोकने में पूरी तरह बेबस नजर आए। यह मेसी के विश्व कप करियर का 14वां गोल था और इसी के साथ अर्जेंटीना ने बढ़त हासिल कर ली।
रिबाउंड पर दिखाई अनुभव की झलक
दूसरा गोल 60वें मिनट में आया। एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने दूर से जोरदार शॉट लगाया, जिसे जिदान पूरी तरह नियंत्रित नहीं कर सके। गेंद उनके हाथों से छिटक गई और रिबाउंड पर सबसे पहले मेसी पहुंचे। उन्होंने बिना कोई गलती किए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। यह उनके विश्व कप करियर का 15वां गोल था और अर्जेंटीना की बढ़त दोगुनी हो गई।



