कांग्रेस के नये अध्यक्ष के चुनाव के लिए उल्टी गिनती शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Aug 2022 08:37 PM
कांग्रेस के नये अध्यक्ष के चुनाव के लिए उल्टी गिनती शुरू
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस पार्टी के नये अध्यक्ष के लिए चुनाव की प्रक्रिया रविवार को शुरू हो गई. साथ ही, पार्टी के चुनाव प्राधिकरण ने कहा है कि वह 20 सितंबर तक (पार्टी का) नया प्रमुख चुने जाने के कार्यक्रम पर अडिग रहेगा. कांग्रेस के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव की अंतिम तारीख को मंजूरी देना कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) पर निर्भर है, जो 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच कोई भी दिन हो सकता है.

हालांकि, पार्टी के कुछ वर्गों ने कांग्रेस के शीर्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की राहुल गांधी की कथित अनिच्छा, ‘प्नान बी’ (कोई दूसरी योजना) नहीं होने और अगले महीने होने वाली पार्टी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को ध्यान में रखते हुए आंतरिक चुनाव प्रक्रिया में देरी होने की बात से इनकार नहीं किया है. सीडब्ल्यूसी ने फैसला किया था कि 16 अप्रैल से 31 मई, 2022 तक प्रखंड समितियों (ब्लॉक कमेटी) और प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के एक-एक सदस्य के लिए चुनाव होंगे.

जिला समिति के अध्यक्ष पद और कार्यकारिणी का चुनाव एक जून से 20 जुलाई के बीच, पीसीसी प्रमुखों तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) सदस्यों का चुनाव 21 जुलाई से 20 अगस्त 2022 के बीच और एआईसीसी के अध्यक्ष का चुनाव 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच होगा.

मिस्त्री ने कहा, ”हम कार्यक्रम पर अडिग रहेंगे. हम पहले ही पार्टी नेतृत्व को चुनाव कार्यक्रम भेज चुके हैं और सीडब्ल्यूसी की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जो कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की अंतिम तारीख तय करेगी.” यह पूछे जाने पर कि क्या प्रखंड, जिला और प्रदेश कांग्रेस समितियों के स्तर पर संगठनात्मक चुनाव संपन्न हो गए हैं, इसके जवाब में उन्होंने कहा कि प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. हालांकि, मिस्त्री ने कहा कि चुनाव प्राधिकरण एआईसीसी प्रतिनिधियों के चयन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है. ये प्रतिनिधि पार्टी के शीर्ष पद के लिए होने वाले महत्वपूर्ण चुनाव में मतदान करेंगे.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) चुनाव की अंतिम तारीख को मंजूरी देगी.” भले ही मिस्री जोर देकर यह कह रहे हों कि चुनाव प्राधिकरण चुनाव कार्यक्रम पर अडिग रहेगा, लेकिन इस महत्वपर्ू्ण पद के लिए संभावित उम्मीदवारों को लेकर पार्टी में अब भी असमंजस दिखाई दे रहा है. पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी कांग्रेस के शीर्ष पद के लिए चुनाव नहीं लड़ने की अपनी इच्छा से अवगत कराते रहे हैं.

हालांकि, कांग्रेस के कुछ वर्गों ने राहुल गांधी की इस कथित अनिच्छा का हवाला देते हुए आंतरिक चुनाव प्रक्रिया में देरी होने से इनकार नहीं किया है. पार्टी के नेताओं ने कहा कि पार्टी का ध्यान ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर भी है, जो 7 सितंबर से शुरू होनी है. राहुल गांधी द्वारा कन्याकुमारी से कार्यक्रम को हरी झंडी दिखाये जाने की संभावना है.

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ”राहुल गांधी की शीर्ष पद में दिलचस्पी नहीं है और भारत जोड़ो यात्रा की तारीखें व तैयारी कार्यक्रम, कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव की पहले से निर्धारित योजना से टकरा रहे हैं. ऐसे में यह देखना होगा कि आंतरिक चुनाव समय पर हो पाएंगे या नहीं.” यात्रा की योजना को लेकर रविवार को एक बैठक भी हुई.

कांग्रेस की मौजूदा अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी का कहना है कि 20 सितंबर तक कांग्रेस को अपना नया अध्यक्ष मिल जाएगा.
इस बीच, माना जा रहा है कि जी-23 समूह के नेता चुनाव प्रक्रिया और इसकी पारर्दिशता पर नजर रखे हुए हैं. गुलाम नबी आजाद, आनंद शर्मा, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और मनीष तिवारी सहित जी-23 में शामिल नेता सीडब्ल्यूसी से लेकर ब्लॉक स्तर तक सही तरीके से चुनाव कराये जाने पर जोर दे रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu