डीसीडब्ल्यू ने रश्मिका मंदाना के ‘डीपफेक’ वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 10 Nov 2023 07:35 PM
डीसीडब्ल्यू ने रश्मिका मंदाना के ‘डीपफेक’ वीडियो मामले में दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने भारतीय अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के काट-छांट किए गए एक ‘डीपफेक’ वीडियो के सोशल मीडिया मंच पर व्यापक रूप से प्रसारित होने की मीडिया में आई खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है. डीसीडब्ल्यू ने इस सिलसिले में शुक्रवार को दिल्ली पुलिस को एक नोटिस जारी किया.

डीसीडब्ल्यू की ओर से दिल्ली पुलिस को जारी किए गए नोटिस के मुताबिक,” प्राप्त खबरों के अनुसार अभिनेत्री ने भी इस मामले में अपनी चिंता जताई है और कहा है कि किसी ने वीडियो में उनकी तस्वीर के साथ अवैध रूप से छेड़छाड़ की है. आयोग को पता चला है कि मामले में अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. यह बहुत ही गंभीर मामला है. ” दिल्ली महिला आयोग ने पुलिस से 17 नवंबर तक मामले में दर्ज प्राथमिकी की प्रति, आरोपियों का ब्योरा और इस संबंध में की गयी कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है.

डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ” कृत्रिम बुद्धिमता के जरिए बनाए गए अभिनेत्री रश्मिका मंदाना के डीपफेक वीडियो पर संज्ञान लेते हुए दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. इस फर्जी वीडियो बनाने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए.” ‘डीपफेक’ एक डिजिटल विधि है जिसके तहत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल करके उपयोगकर्ता किसी व्यक्ति की छवि को किसी दूसरे व्यक्ति की छवि से आसानी से बदल सकता है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu