
रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्थित राष्ट्रीय ताप विद्युत निगम (एनटीपीसी) के संयंत्र में पुलिस ने फंदे से लटका एक मजदूर का शव बरामद किया है. पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने आंशका जताई है कि मजदूर ने आत्महत्या की है. लेकिन परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया है.
जिले के पुसौर थाना के अधिकारियों ने बताया कि लारा क्षेत्र में स्थित एनटीपीसी के संयंत्र में बृहस्पतिवार शाम को संयंत्र के कोल हैंडलिंग संयंत्र के पानी की टंकी की सीढ़ी पर एक मजदूर का शव फंदे से लटका पाया गया. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंचने के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया तथा शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मजदूर की पहचान कोड़पाली गांव निवासी दानी राम गुप्ता (28) के तौर पर हुई है. वह पिछले तीन साल से ठेके पर मजदूर के रूप में यहां कार्यरत था. उन्होंने बताया कि पुलिस को आशंका है कि मजदूर ने आत्महत्या की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी.
इधर, मजदूर के परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है. परिजनों का कहना है कि दानी राम बृहस्पतिवार शाम पांच बजे अपने अन्य साथियों के साथ नाश्ता करने गया था और वह सामान्य था. उन्होंने आशंका जताई है कि उसकी हत्या कर उसके शव को फंदे से लटका दिया गया. परिजनों ने घटना की जांच की मांग को लेकर संयंत्र के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया.



