राहुल ने पदयात्रा का बचाव करते हुए कहा, ‘कांग्रेस को संसद में लोक महत्व के मुद्दे नहीं उठाने दिया गया’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 23 Jan 2023 07:49 PM
ऑडियो सुनें

जम्मू. देश को ‘‘एकजुट’’ करने के लिए ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू करने के कांग्रेस के फैसले का बचाव करते हुए राहुल गांधी ने सोमवार को यहां कहा कि लोगों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर संसद में विपक्षी पार्टी को नहीं बोलने देने के बाद वह 3,500 किमी लंबी पदयात्रा करने को मजबूर हुई.

उन्होंने नोटबंदी की कवायद, माल एवं सेवा कर(जीएसटी) को आनन-फानन में लागू करना और हाल में लाई गई अग्निवीर योजना को लेकर केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की. राहुल ने आरोप लगाया कि सरकार कुछ बड़े कारोबारियों की जेब में पैसे जाने को बढ़ावा दे रही है और देश भर में छोटे कारोबारों का विनाश कर रही है.

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने यहां सतवारी चौक पर एक सभा में कहा, ‘‘देश में लोकतंत्र खतरे में है, जो राष्ट्र के लिए एक बड़ी चुनौती है. यात्रा शुरू होने से पहले, हमने नोटबंदी, जीएसटी, किसानों से जुड़े विधेयक और चीनी घुसपैठ का मुद्दा संसद के दोनों सदनों (लोकसभा और राज्यसभा) में उठाने की कोशिश की थी, लेकिन हमें ऐसा नहीं करने दिया गया और माइक बंद कर दिए गए.’’

सुबह में सांबा जिले के विजयपुर से यात्रा के 129वें दिन अपना सफर शुरू करने के बाद राहुल जम्मू पहुंचे. उन्होंने साढ़े छह घंटे में 20 किमी से अधिक की दूरी तय की. ंिसधरा में रात्रि विश्राम के बाद यात्रा के कश्मीर के लिए रवाना होने का कार्यक्रम है और यह वहां गणतंत्र दिवस के बाद प्रवेश करेगी.

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) का एक प्रतिनिधिमंडल भी यहां राहुल की पदयात्रा में शामिल हुआ और जमीन खाली कराने के जम्मू कश्मीर प्रशासन के अभियान तथा कश्मीरी पंडित कर्मचारियों की मांग सहित विभिन्न मुद्दों पर उनके साथ चर्चा की. पीडीपी के एक नेता ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल थे. यह कुंजवनी बाईपास पर पदयात्रा में शामिल हुआ.

राहुल ने कहा, ‘‘हम नफरत के बाजारों में मोहब्बत की दुकानें खोलने आये हैं. इस यात्रा के साथ, हम देख सकेंगे कि लाखों-करोड़ों लोगों ने बारिश, सर्दी और गर्मी की परवाह किये बगैर मोहब्बत की अपनी दुकानें खोली हैं. ’’ उन्होंने कहा कि किसान, छोटे कारोबारी, महिलाएं और बच्चे सहित सभी वर्गों के लोगों ने यात्रा के दौरान विभिन्न राज्यों में उनके साथ अपनी पीड़ा साझा की है तथा वे सभी इस देश में प्रेम के साथ रहते हैं.

उल्लेखनीय है कि रक्षा मंत्री राजनाथ ंिसह ने रविवार को राहुल पर आरोप लगाया था कि वह सत्ता हासिल करने के लिए लोगों के बीच नफरत फैला रहे हैं. उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि राहुल यात्रा कर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत छवि धूमिल कर रहे हैं.
राहुल ने सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए केंद्र द्वारा लाई गई अग्निवीर योजना का जिक्र करे हुए आरोप लगाया कि इसका उद्देश्य सेना को कमजोर करना है क्योंकि कोई भी कौशल सीखने के लिए सात से आठ वर्षों की जरूरत होती है.

उन्होंने कहा, ‘‘सेना एक परिवार की तरह है, जहां कई सैनिकों के बीच जुड़ाव तैयार कर करने के लिए कई साल लगते हैं, जो युद्ध की स्थिति में एक बड़ी भूमिका निभाता है. यह महज एक-दो वर्षों में हासिल नहीं किया जा सकता और भाजपा को लगता है कि सैनिक छह महीने में अपना प्रशिक्षण पूरा कर लेंगे.’’ उन्होंने कहा कि सेना के अधिकारी इसे बखूबी जानते हैं और वे इस गलत नीति के खिलाफ हैं.

राहुल ने कहा, ‘‘अग्निवीर के तहत पेंशन के बगैर चार साल बाद एक प्रशिक्षत सैनिक को सेवा से बाहर कर उन्होंने युवाओं के लिए अवसर बंद कर दिये हैं, जो देश की सेवा के लिए सशस्त्र बलों में भर्ती की आस लगाये हुए हैं.’’ उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई सरकार की गलत नीतियों का परिणाम है, जो सिर्फ दो-तीन बड़े कारोबारियों के लिए काम कर रही है.

राहुल ने आरोप लगाया कि सारा पैसा इन कछ उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है, जबकि शेष आबादी गरीबी से जूझ रही है. कांग्रेस नेता ने बेरोजगारी, महंगाई जैसे लोक महत्व के असल मुद्दों और जम्मू कश्मीर में गरीबों से भूमि छीनने के मुद्दों को नहीं उठाने के लिए मीडिया पर भी आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ‘‘उनके लिए, (राहुल) गांधी का टी-शर्ट पहनना एक मुद्दा है…मैं उनसे कहना चाहता हूं कि लोग मुझे इतना प्रेम दे रहे हैं कि मुझे ठंड नहीं लग रही है.’’ राहुल ने कहा कि उन्होंने जम्मू कश्मीर पहुंचने पर सुरक्षा दिशानिर्देशों के मद्देनजर पदयात्रा शुरू करने का समय सुबह पांच बजे से सात बजे कर दिया है. कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा पिछले साल सात दिसंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और इसने बृहस्पतिवार को पंजाब से जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया. यात्रा के 30 जनवरी को श्रीनगर में संपन्न होने का कार्यक्रम है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu