
मुंबई. शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) नेता संजय राउत ने रविवार को कहा कि शिवसेना नेता आनंद दिघे के जीवन पर आधारित फिल्म ‘धर्मवीर’ का दूसरा भाग राजनीति से प्रेरित है और निर्माता दिवंगत नेता की स्मृति का अपमान कर रहे हैं.
दिघे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का राजनीतिक गुरु माना जाता है. शिंदे द्वारा शिवसेना में उद्धव ठाकरे के खिलाफ 2022 में विद्रोह का नेतृत्व किए जाने और ठाकरे के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार को गिराकर मुख्यमंत्री बनने के कुछ दिन पहले ही इस फिल्म का पहला भाग रिलीज हुआ था. ‘धर्मवीर 2’ का ट्रेलर शनिवार को जारी किया गया.
राउत ने संवाददाताओं से कहा कि विश्वासघाती लोग अपने राजनीतिक उद्देश्य को आगे बढ़ाने और अपने विश्वासघात को सही साबित करने के लिए दिघे के नाम का दुरुपयोग कर रहे हैं. शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा, ”फिल्म में दिघे के पात्र के संवादों के माध्यम से झूठ फैलाया जा रहा है जबकि वह पार्टी के संस्थापक दिवंगत बालासाहेब ठाकरे के प्रति वफादार थे.” उन्होंने कहा कि अगर फिल्म का पहला भाग दिघे की मौत के साथ समाप्त हो गया था, तो इसका दूसरा भाग कैसे बन सकता है? उन्होंने कहा कि फिल्म को आगामी राज्य विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर रिलीज किया जा रहा है.
राउत ने दावा किया कि फिल्म राजनीति से प्रेरित है और यह बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे के लिए अपमानजनक है, जिनके बीच ”गुरु-शिष्य का बेहतरीन” संबंध था. पुणे में भाजपा जनता पार्टी (भाजपा) के सम्मेलन के बारे में पूछे जाने पर शिवसेना नेता ने कहा कि चुनावों के लिए महाराष्ट्र को भले ही कोई भी अपना आधार बनाए, अगली सरकार महा विकास आघाडी (एमवीए) गठबंधन चलाएगा.



