धोनी का घुटना सौ फीसदी फिट नहीं, बल्लेबाजी के लिये नीचे आकर फिनिश करना चाहते हैं : हसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 May 2023 09:23 PM
धोनी का घुटना सौ फीसदी फिट नहीं, बल्लेबाजी के लिये नीचे आकर फिनिश करना चाहते हैं : हसी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने कहा कि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी विकेटों के बीच दौड़कर अपने घुटने पर दबाव नहीं डालना चाहते इसलिये बल्लेबाजी क्रम में नीचे उतरकर ‘फिनिश’ करना चाहते हैं . धोनी पूरे आईपीएल में घुटने की चोट से जूझते रहे हैं लेकिन इसके बावजूद विकेटकीपिंग की और आठवें नंबर तक उतरकर संक्षिप्त लेकिन उपयोगी पारियां खेली .

हसी ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शनिवार को आखिरी लीग मैच से पहले कहा ,” यह स्पष्ट है कि वह आखिरी कुछ ओवर में ही उतरना चाहते हैं . उनका घुटना सौ फीसदी फिट नहीं है और वह इसी वजह से दसवें, 11वें या 12वें ओवर में नहीं उतरते हैं ताकि तेजी से दौड़ना नहीं पड़े जिससे घुटने पर दबाव पड़ेगा .”

उन्होंने कहा ,”वह जब तक संभव हो बल्लेबाजी के लिये उतरना टालते हैं ताकि पारी के आखिर में तेज खेल सकें . उन्होंने शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, अजिंक्य रहाणे, अंबाती रायुडू पर काफी भरोसा जताया है .’ दिल्ली के खिलाफ पिछले मैच में धोनी विकेटों के बीच दौड़ में जूझते नजर आये . वहीं केकेआर के खिलाफ चेपॉक पर हारने के बाद मैदान का चक्कर लगाते समय उनके घुटने पर आइस पैक लगा था .

हसी ने कहा ,” हमें हर मैदान पर दर्शकों का जबर्दस्त समर्थन मिला . एम एस लीजैंड है और हर रोज ऐसे माहौल में खेलने का मौका नहीं मिलता .” आईपीएल से धोनी के संन्यास के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा ,” वह अगले पांच साल तक और खेल सकता है . वह अच्छी बल्लेबाजी कर रहा है और अपने खेल पर मेहनत करता है . उसमें छक्के मारने की क्षमता है . जब तक उसे खेल का मजा आ रहा है और वह टीम के लिये योगदान दे रहा है , उसके अगले पांच साल तक नहीं खेलने का कोई कारण नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu