रूस-यूक्रेन संघर्ष को हल करने के लिए बातचीत, कूटनीति आगे का रास्ता: मोदी ने पुतिन से कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 20 Mar 2024 08:24 PM
रूस-यूक्रेन संघर्ष को हल करने के लिए बातचीत, कूटनीति आगे का रास्ता: मोदी ने पुतिन से कहा

ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की और उन्हें पांचवें कार्यकाल के लिए बधाई दी तथा कहा कि बातचीत और कूटनीति ही रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने की दिशा में आगे का रास्ता है. मोदी ने पुतिन से फोन पर रूसी नेता के राष्ट्रपति चुनाव में भारी जीत दर्ज करने के दो दिन बाद यह बात कही. अमेरिका और उसके सहयोगियों ने उनकी इस जीत पर सवाल खड़े किए थे.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपति पुतिन के साथ बात की और रूसी संघ के राष्ट्रपति के रूप में उनके फिर से चुने जाने पर उन्हें बधाई दी. हम आने वाले वर्षों में भारत-रूस विशिष्ट और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा एवं विस्तारित करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए.” बातचीत के बारे में क्रेमलिन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, पुतिन ने भारत में आगामी संसदीय चुनावों के सफल संचालन के लिए मोदी को शुभकामनाएं दीं. मोदी उन कुछ अंतरराष्ट्रीय नेताओं में शामिल हैं जिन्होंने पुतिन को उनके फिर से चुने जाने पर बधाई दी है.

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि टेलीफोन पर हुई वार्ता में मोदी और पुतिन ने द्विपक्षीय सहयोग में प्रगति की समीक्षा की और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया. बयान के मुताबिक रूस-यूक्रेन संघर्ष पर चर्चा करते हुए मोदी ने आगे के रास्ते के रूप में बातचीत और कूटनीति के पक्ष में भारत के निरंतर रुख को दोहराया. इसके साथ ही दोनों नेता एक दूसरे के संपर्क में रहने के लिए भी सहमत हुए.

पुतिन को फिर से राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई देते हुए मोदी ने रूस की शांति, प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं.
दोनों नेताओं ने आने वाले वर्षों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में ठोस प्रयास करने पर सहमति व्यक्त की.

क्रेमलिन के बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त किया कि व्यापार, आर्थिक और निवेश के साथ ही ऊर्जा और परिवहन के क्षेत्रों में पारस्परिक रूप से लाभप्रद संबंध उत्तरोत्तर और गतिशील रूप से विशेष रूप से विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी के अनुरूप विकसित हो रहे हैं.

क्रेमलिन के बयान में कहा गया है, ”अंतरराष्ट्रीय एजेंडे से जुड़े कई मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान भी किया गया, विशेष रूप से यूक्रेन के आसपास की स्थिति के संदर्भ में.” इसमें कहा गया, ”शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) और ब्रिक्स सहित बहुपक्षीय प्रारूपों में रूस और भारत के बीच समन्वय बढ़ाने की मनोदशा की पुष्टि हुई.” उसने कहा, ”बातचीत गर्मजोशी से और दोस्ताना तरीके से हुई. वहीं, व्लादिमीर पुतिन ने भारत में आगामी संसदीय चुनावों के सफल संचालन के लिए नरेन्द्र मोदी को शुभकामनाएं दीं.”

रूस के कद्दावर नेता पुतिन ने पिछले दिनों संपन्न हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में भारी मतों से जीत हासिल की और इस पद के लिए पांचवां कार्यकाल हासिल किया. पुतिन दिसंबर 1999 से राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री के तौर पर रूस का नेतृत्व कर रहे हैं.

मोदी ने जेलेंस्की को संघर्ष की जल्द समाप्ति के लिए भारत के समर्थन से अवगत कराया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से बात की और उन्हें शांति के सभी प्रयासों और रूस-यूक्रेन संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के लिए भारत के लगातार समर्थन से अवगत कराया. प्रधानमंत्री मोदी ने फोन पर हुई बातचीत के दौरान राष्ट्रपति जेलेंस्की से यह भी कहा कि भारत यूक्रेन को मानवीय सहायता प्रदान करना जारी रखेगा.

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”राष्ट्रपति जेलेंस्की के साथ भारत-यूक्रेन साझेदारी को मजबूत करने पर अच्छी बातचीत हुई. शांति के सभी प्रयासों और चल रहे संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने के लिए भारत के लगातार समर्थन से अवगत कराया. भारत अपनी जन-केंद्रित दृष्टिकोण द्वारा निर्देशित मानवीय सहायता प्रदान करना जारी रखेगा.” जेलेंस्की से बातचीत के ठीक पहले मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बात की और उन्हें पांचवें कार्यकाल के लिए बधाई दी तथा कहा कि बातचीत व कूटनीति ही रूस-यूक्रेन संघर्ष को सुलझाने की दिशा में आगे का रास्ता है.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 ये रिश्ता क्या कहलाता है : राज्यसभा सीट के लिए उद्योगपति नाथवानी ने पर्चा भरा, समाजवादी पार्टी ने बनाया उम्मीदवार, पिता भाजपा से हैं सांसद, रिलायंस ग्रुप के प्रेसिडेंट भी हैं
  2. 2 मंत्रिपरिषद के नए फैसले : अतिथि व्याख्याता नीति में बदलाव, छत्तीसगढ़ के मूल निवासी को प्राथमिकता, अग्निवीर सैनिकों को सिविल सेवा पदों में 10 प्रतिशत आरक्षण, सीएम साय के नेतृत्व में हुई बैठक
  3. 3 Flight or Fight : फ्लाइट के पायलट आपस में भिड़े, कॉकपिट में चले चाकू, दो घायल, 180 यात्री थे सवार, चीख-पुकार वाला वीडियो फोटो वायरल
  4. 4 Asian Games : छा गया छत्तीसगढ़.. भारत को दिए दो पदक, कोरबा की संजू देवी, अंबिकापुर के अनिमेष ने बढ़ाया मान, देखिए वीडियो
By Yogesh Kumar Sahu