दिग्विजय और कमलनाथ का हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है : मुख्यमंत्री चौहान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 16 Aug 2023 10:17 PM
दिग्विजय और कमलनाथ का हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है : मुख्यमंत्री चौहान
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनका हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है. वहीं, दिग्विजय सिंह ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मुख्यमंत्री चौहान और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज दिन में आलोचना की और सवाल किया कि उन्होंने संविधान की शपथ ली है या “हिंदू राष्ट्र” की?

मुख्यमंत्री चौहान कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ की एक हालिया टिप्पणी पर एक सवाल का जवाब दे रहे थे, जिसमें कांग्रेस नेता ने कहा था कि चूंकि भारत में हिंदू बहुसंख्यक हैं, इसलिए हिंदू राष्ट्र “बहस का मुद्दा नहीं है.” कर्नाटक के हुबली में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने मीडिया पर कमलनाथ की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि जिन लोगों ने संविधान की शपथ ली है लेकिन हिंदू राष्ट्र के बारे में बात कर रहे हैं, उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए.

पत्रकारों द्वारा सिंह के बयान के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “दिग्विजय सिंह और कमलनाथ का नातो हिंदुत्व से कोई लेना-देना है और नाहीं देश या समाज से. वोटों की फसल काटने के लिए उन्हें जो भी सही लगता है, वे बोलते रहते हैं. उनका किसी से कोई लेना-देना नहीं है.ह्व हुबली में सिंह ने कहा था कि देश सभी का है और हर धर्म के लोगों ने देश की आजादी की लड़ाई लड़ी है. उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया ने कमलनाथ के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया.

सिंह ने कहा, “जिसने भी संविधान की शपथ ली है और किसी पद पर बैठा है… अगर वे हिंदू राष्ट्र की बात करते हैं, तो उन्हें पहले इस्तीफा दे देना चाहिए….” बुधवार को भोपाल में सिंह ने ‘हिंदू राष्ट्र’ पर कांग्रेस नेता कमलनाथ की टिप्पणी के संबंध में एक सवाल पर कहा, ”आप लोगों ने कमलनाथ के बयान को गलत तरीके से पेश किया है. उन्होंने कभी वह नहीं कहा जो आप लोग और भाजपा कह रही है. मैं भाजपा, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री से पूछना चाहता हूं कि उन्होंने संविधान की शपथ ली है या हिंदू राष्ट्र की?”

कुछ पत्रकारों ने आठ अगस्त को कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री की भारत को ‘हिंदू राष्ट्र’ बनाने की कथित मांग पर कमलनाथ से प्रतिक्रिया मांगी थी. उस वक्त कमलनाथ ने कहा था, ”दुनिया की सबसे बड़ी हिंदू आबादी हमारे देश में रहती है. यहां 82 प्रतिशत हिन्दू आबादी निवास करती है. यह कोई बहस का मुद्दा नहीं है. यह बताने वाली बात नहीं है. ये आंकड़े हैं, इसमें अलग से कहने की क्या जरूरत है?” मध्य प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu