तमिलनाडु में द्रमुक और सहयोगी दल बड़ी जीत की ओर, भाजपा को 10 प्रतिशत से अधिक वोट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 04 Jun 2024 06:19 PM
तमिलनाडु में द्रमुक और सहयोगी दल बड़ी जीत की ओर, भाजपा को 10 प्रतिशत से अधिक वोट
ऑडियो सुनें

चेन्नई. तमिलनाडु में लोकसभा की 39 सीटों में से राज्य में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और उसके सहयोगी दल 37 सीटों पर जीत की ओर अग्रसर हैं तथा अन्नाद्रमुक और भाजपा के सहयोगी पीएमके को एक-एक सीट मिल सकती है. निर्वाचन आयोग के नवीनतम रुझानों में यह जानकारी मिली है.

तमिलनाडु में पहली बार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मत प्रतिशत 10 फीसदी के पार गया है. उसे अभी तक 10.21 प्रतिशत वोट मिले हैं. हालांकि, भाजपा का कोई भी प्रत्याशी किसी सीट से आगे नहीं है. द्रमुक 21 सीटों पर आगे है जबकि कांग्रेस आठ सीटों पर आगे है. वीसीके, भाकपा, माकपा दो-दो सीटों और एमडीएमके तथा आईयूएमएल, सत्तारूढ़ पार्टी के अन्य दो सहयोगी दल एक-एक सीट पर आगे हैं. कुल मिलाकर द्रमुक और उसके सहयोगी दल हर दौर की मतगणना में अपनी झोली में और वोट डाल रहे हैं और उनके कुल 39 में से 37 सीटों पर जीतने की संभावना है. महज दो सीटों -(नामाक्कल- एस तमिलमणि और कल्लाकुरिची – आर कुमारगुरु) पर पहले आगे रहा मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक अब पीछे हो गया है और उन क्षेत्रों में द्रमुक के उम्मीदवार आगे हैं.

भाजपा के सहयोगी दल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) की सौम्या अंबुमणि धर्मापुरी में द्रमुक के मणि ए से 16,516 मतों से आगे हैं.
अन्नाद्रमुक के सहयोगी देसिया मुरपोक्कु द्रविड कषगम के वी. विजयप्रभाकरण विरुद्धनगर सीट पर 7,325 मतों के अंतर से आगे हैं और कांग्रेस के जाने-माने नेता बी मणिक्कम टैगोर उनसे पीछे हैं. मशहूर अभिनेत्री व भाजपा प्रत्याशी आर. राधिका तीसरे स्थान पर हैं.
कोयंबटूर में द्रमुक ने अपनी बढ़त बनायी हुई है और अन्नामलई (भाजपा) तथा गणपति पी. राजकुमार (द्रमुक) के बीच मतों का अंतर 11,909 है.

द्रमुक के ए. राजा 76,110 मतों की निर्णायक बढ़त हासिल कर चुके हैं और भाजपा के एल मुरुगन दूसरे स्थान पर तथा अन्नाद्रमुक के डी. लोकेश तमिलसेल्वन तीसरे स्थान पर हैं. भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी से नेता बने शशिकांत सेंथिल (कांग्रेस) तिरुवल्लुर सीट पर 98,246 मतों के भारी अंतर से आगे हैं. अन्नाद्रमुक की सहयोगी डीएमडीके के उम्मीदवार के. नल्लाथम्बी दूसरे स्थान पर हैं.

भाजपा ने साढ़े 10 बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार करीब नौ प्रतिशत मत हासिल किए थे और वह उम्मीद के अनुरूप दहाई का आंकड़े पर पहुंच गयी है. द्रमुक की उम्मीदवार कनिमोई (थूथुकुडी), टी आर बालू (श्रीपेरम्बुदूर), दयानिधि मारन (सेंट्रल चेन्नई), तमिझाची थंगापांडियन (दक्षिण चेन्नई) अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्र में आगे हैं.

द्रमुक ने मंगलवार सुबह आठ बजे डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होने पर ही पूरे तमिलनाडु में अधिकतर सीटों पर शुरुआती बढ़त बना ली थी. कांग्रेस के कार्ति चिदंबरम (शिवगंगा) और मार्क्सवादी पार्टी के उम्मीदवार एस वेंकटेशन (मदुरै) समेत द्रमुक के कई सहयोगियों ने अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों पर निर्णायक बढ़त बना ली है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu