तेलंगाना में कांग्रेस उम्मीदवार के खिलाफ छापेमारी के बाद जब्त दस्तावेज से बेहिसाब लेनदेन के संकेत मिले : ईडी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 22 Nov 2023 09:02 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/हैदराबाद. तेलंगाना की चेन्नूर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विवेक वेंकटस्वामी के खिलाफ तलाशी के बाद कई करोड़ रुपये के “संदिग्ध और बेहिसाब” लेनदेन का संकेत देने वाले आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए गए. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को यह आरोप लगाया.

केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत मंगलवार को हैदराबाद में नेता के आवास, उनकी कंपनी विसाका इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यालय परिसर के साथ ही रामागुंडम में विजिलेंस सिक्योरिटी र्सिवसेज प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय परिसर तथा मंचेरियल जिले के हाईटेक सिटी में उनके अस्थायी निवास स्थान जहां वह मौजूद थे सहित चार स्थानों पर छापेमारी शुरू की गई.

तेलंगाना में 600 करोड़ रुपये से अधिक की घोषित संपत्ति के साथ 65 वर्षीय पूर्व सांसद विधानसभा चुनाव लड़ने वाले सबसे अमीर नेता हैं. राज्य की 119 विधानसभा सीटों पर 30 नवंबर को मतदान होगा. पूर्व सांसद ने इस महीने की शुरुआत में भाजपा से इस्तीफा दे दिया था और हैदराबाद में पार्टी नेता राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए थे. वह पहले कांग्रेस में थे जहां से वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव की पार्टी बीआरएस में चले गए और फिर भारतीय जनता पार्टी में चले गए थे. ईडी की छापेमारी तेलंगाना पुलिस से प्राप्त एक संदर्भ के आधार पर की गई थी जिसमें विवेक के बैंक खाते से कंपनी – विजिलेंस सिक्योरिटी को आठ करोड़ रुपये के लेनदेन की जांच करने के लिए कहा गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu