तपती गर्मी से दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड 7,748 मेगावाट पर पहुंची

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 21 May 2025 05:37 PM
तपती गर्मी से दिल्ली में बिजली की मांग रिकॉर्ड 7,748 मेगावाट पर पहुंची
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: दिल्ली में तपती गर्मी के साथ बिजली की अधिकतम मांग बुधवार को 7,748 मेगावाट पर पहुंच गई। यह इस मौसम में अबतक की सर्वाधिक मांग है। वितरण कंपनियों के अनुसार, बढ़ती गर्मी के बीच एयर कंडीशनर, कूलर जैसे उपकरणों के उपयोग से बिजली की मांग बढ़ रही है। कुल बिजली मांग में इन उपकरणों का हिस्सा 50 प्रतिशत तक होने का अनुमान है।

दिल्ली में बिजली वितरण करने वाली टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. (टाटा पावर डीडीएल) और बीएसईएस ने बिजली की बढ़ी हुई मांग को सफलतापूर्वक पूरा करने का दावा किया है। स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) दिल्ली के अनुसार, बिजली की अधिकतम मांग मंगलवार दोपहर 3.29 बजे सर्वाधिक 7,748 मेगावाट पर पहुंच गई। यह पिछले पांच वर्षों में 21 मई की तारीख तक उच्चतम स्तर है।

आंकड़ों के अनुसार, 2024, 2023,, 2022, 2021, 2020 में 21 मई को बिजली की मांग क्रमश: 7,726 मेगावाट, 6,011 मेगावाट, 6,433 मेगावाट, 2,783 मेगावाट और 4,518 मेगावाट रही थी। उल्लेखनीय है कि दिल्ली में मंगलवार को दो बार बिजली की मांग उच्चतम स्तर पर पहुंची। पहले दोपहर में बिजली की अधिकतम मांग 7,401 मेगावाट पहुंच गयी थी जबकि रात 10.54 बजे यह 7,533 मेगावाट चली गयी थी।

बीएसईएस के प्रवक्ता ने कहा कि बीआरपीएल (बीएसईएस राजधानी पावर लि.) और बीवाईपीएल (बीएसईएस यमुना पावर लि.) ने अपने-अपने वितरण क्षेत्रों में क्रमश: 3,427 मेगावाट और 1,667 मेगावाट की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया।

टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. ने बयान में कहा कि बढ़ते तापमान के बीच कंपनी ने बिना किसी बाधा के 2,245 मेगावाट की अधिकतम मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया, जो इस मौसम का अबतक का सबसे ऊंचा स्तर है।

बीएसईएस ने कहा कि वह अपने ग्राहकों को भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दीर्घकालीन बिजली खरीद समझौतों के साथ बिजली की मांग का सटीक आकलन करने को लेकर अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रही है।

कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि 2,100 मेगावाट से अधिक क्षमता की हरित ऊर्जा बीएसईएस के वितरण क्षेत्रों में भरोसेमंद बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। टाटा पावर डीडीएल ने कहा कि कंपनी ‘द्विपक्षीय समझौते’, ‘रिजर्व शटडाउन’ जैसी व्यवस्था के माध्यम से बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। आपात स्थिति से निपटने के लिए कंपनी ने एक्सचेंज से अल्पकालिक बिजली खरीद की व्यवस्था भी की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital