
दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने गांजा की तस्करी करने के आरोप में ओडिशा पुलिस के अधिकारी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान गांजा तस्करों रविंद्र भुक्ता (50) और गगन आनंद मेहर (42) को गिरफ्तार किया है. उन्होंने बताया कि आरोपी भुक्ता ओडिशा पुलिस में सहायक उप निरीक्षक पद पर है.
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से दो लाख रुपये से अधिक कीमत का लगभग 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है.
अधिकारियों ने बताया कि जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. रविवार को कुम्हारी थाना क्षेत्र की पुलिस को जानकारी मिली कि मादक पदार्थ तस्कर एक ट्रक में सवार होकर कुम्हारी से भिलाई की ओर जा रहे हैं. सूचना के बाद पुलिस दल ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया और तलाशी ली.
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान वाहन से दो बैग में भरा 20 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा ट्रक में सवार भुक्ता और मेहर को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गांजा पड़ोसी राज्य ओडिशा से लाया गया था. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है.



