आरसीबी के जश्न के दौरान भीड़ ने गेट तोड़े और भगदड़ जैसी स्थिति हो गई : शिवकुमार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 04 Jun 2025 10:48 PM
आरसीबी के जश्न के दौरान भीड़ ने गेट तोड़े और भगदड़ जैसी स्थिति हो गई : शिवकुमार
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने बुधवार को कहा कि लोगों की भीड़ ने गेट तोड़ दिए जिसके कारण यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का पहला आईपीएल खिताब जीतने का जश्न बुधवार को उस समय मातम में बदल गया जब जश्न में शामिल होने के लिये चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हजारों की संख्या में प्रशंसकों के उमड़ने से मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गयी और 33 अन्य घायल हो गए.

शिवकुमार ने कहा, ”लोगों की भीड़ ने गेट तोड़ दिए. मुझे लगता है कि बड़े पैमाने पर भगदड़ मची है. मैंने पुलिस आयुक्त और अधिकारियों से बात की है…मौतों की सही संख्या अभी भी पता नहीं है. हम इस हादसे पर नजर बनाए हुए हैं, और सभी से शांत रहने की अपील करते हैं.” उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि वह उन अस्पतालों का दौरा कर रहे हैं, जहां घायलों इलाज चल रहा है. मुख्यमंत्री, मंत्री और पुलिस अधिकारी पहले से ही घटनास्थल का दौरा कर रहे हैं.

उपमुख्यमंत्री ने कहा, ” वहां बहुत अधिक भीड़ थी. हमने हवाई अड्डे से ही देखा. इसलिए हमने जुलूस रद्द करने का फैसला किया और उन्हें (टीम को) बंद गाड़ी में ले गए. कम से कम विधान सौध से जुलूस निकालने का अनुरोध किया गया था. बारिश के कारण भीड़ अनियंत्रित हो गई, इसलिए हमने वह जुलूस भी रद्द कर दिया. यहां स्टेडियम में भी जुलूस की व्यवस्था थी – एक घंटे का कार्यक्रम. हमने निर्देश दिया था कि इसे 10-15 मिनट में समाप्त कर दिया जाए और उसी के अनुसार यह किया गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu