ईडी का समन: अभिनेता महेश बाबू को 28 अप्रैल को किया तलब…

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 22 Apr 2025 11:50 AM
ईडी का समन: अभिनेता महेश बाबू को 28 अप्रैल को किया तलब…
ऑडियो सुनें

हैदराबाद: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने हैदराबाद स्थित रियल एस्टेट फर्मों में मनी लॉन्ड्रिंग जांच में अभिनेता महेश बाबू को 28 अप्रैल को तलब किया है। इससे पहले ईडी ने 16 अप्रैल को तेलंगाना में कई जगहों पर छापेमारी की थी।

ईडी के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने हैदराबाद के सिकंदराबाद, जुबली हिल्स और बोवेनपल्ली इलाकों में छापेमारी की थी। छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुराना ग्रुप और साई सूर्या डेवलपर्स के खिलाफ की गई थी।

क्या है मामला?

आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रवर्तन निदेशालय ने बीते बुधवार को रियल एस्टेट निवेशकों के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत कई स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई सुराना समूह और साई सूर्या डेवलपर्स के खिलाफ की गई। छापेमारी सिकंदराबाद, जुबली हिल्स और बोवेनपल्ली में स्थित परिसरों पर की गई।

अभिनेता महेश बाबू थे ब्रांड एंबेसडर

पीएमएलए के तहत जांच रियल एस्टेट परियोजनाओं को समय पर पूरा न करने के आरोप से जुड़ी हुई है। साई सूर्या डेवलपर्स के मालिक कंचरला सतीश चंद्र गुप्ता ‘ग्रीन मीडोज’ नाम की एक परियोजना में कथित चूक के लिए पुलिस जांच का सामना कर रहे हैं। अभिनेता महेश बाबू इस परियोजना के ब्रांड एंबेसडर थे। हालांकि, अभी तक उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं है।

सॉफ्टवेयर इंजीनियर की शिकायत पर कार्रवाई

सूत्रों के मुताबिक, 32 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कंचरला सतीश चंद्र गुप्ता और उनकी कंपनी, हैदराबाद के वेंगल राव नगर स्थित एक प्रमुख रियल एस्टेट फर्म के खिलाफ स्थानीय पुलिस में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। मधुरा नगर पुलिस स्टेशन में दर्ज शिकायत के अनुसार, नक्का विष्णु वर्धन ने कई अन्य लोगों के साथ मिलकर अप्रैल 2021 में साई सूर्या डेवलपर्स के ग्रीन मीडोज वेंचर (शादनगर में 14 एकड़ जमीन) में तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि का निवेश किया।

परियोजना में निवेश करने वाले कौन-कौन?

सूत्रों के मुताबिक, परियोजना में निवेश करने वाले अन्य लोगों में डॉ. सुधाकर राव, श्रीकाकुलमा विटल महेश, राजेश, श्रीनाथ, के हरीश, कोटला शशांक, रवि कुमार, के प्रभावती, वेंकट राव और कृष्ण मोहन शामिल हैं। मामले में सुराना समूह की भी जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital